Bharat Express DD Free Dish

गोविंदा की धमाकेदार वापसी! नई फिल्म का किया ऐलान, इस एक्ट्रेस के साथ बड़े पर्दे पर मचाएंगे धमाल

बॉलीवुड के डांसिंग स्टार गोविंदा ने अपनी नई फिल्म ‘रूपा’ की घोषणा कर दी है, जिसे वह खुद प्रोड्यूस कर रहे हैं. इस फिल्म के जरिए वह उत्तर प्रदेश की रानी स्वर्णकार को बॉलीवुड में लॉन्च करने जा रहे हैं. गोविंदा ने कहा कि बार-बार नजरअंदाज किए जाने के बाद भी उन्हें ‘रीस्टार्ट’ करने पर पूरा भरोसा है.

Govinda, Rupa Movie, Rani Swarnkar

Govinda New Movie: अपने डांस और गजब की कॉमिक टाइमिंग से करोड़ों दिलों पर राज करने वाले बॉलीवुड के ‘चीची’ यानी गोविंदा एक बार फिर सिनेमाघरों में तहलका मचाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. लंबे समय से बड़े पर्दे से दूर चल रहे गोविंदा ने आखिरकार अपनी नई फिल्म ‘रूपा’ की घोषणा कर दी है. 13 जुलाई को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने न सिर्फ अपनी इस नई पारी का एलान किया बल्कि फिल्म की लीड एक्ट्रेस से भी सबको रूबरू कराया. खास बात यह है कि इस फिल्म को खुद गोविंदा ही प्रोड्यूस कर रहे हैं. यानी इस बार एक्टर के साथ-साथ उनके प्रोडक्शन का जलवा भी देखने को मिलेगा.

“जितना लोगों ने नकारा, मैं उतना ही…”

अक्सर जब कोई कलाकार लाइमलाइट से दूर होता है, तो इंडस्ट्री उसे धीरे-धीरे भूलने लगती है. कुछ ऐसा ही गोविंदा के साथ भी हुआ. लेकिन गोविंदा हार मानने वालों में से नहीं हैं. प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने बड़ी बेबाकी से अपने दिल की बात रखी.

“शायद मेरी किस्मत में यही लिखा था कि मुझे बार-बार नजरअंदाज किया जाए. लोग तो यहां तक कहने लगे थे कि अब गोविंदा फिल्मों में कभी नजर नहीं आएंगे. लेकिन मुझे हमेशा से ‘रीस्टार्ट’ करने पर भरोसा रहा है. मैं भगवान से यही प्रार्थना करता हूं कि यह फिल्म वो मुकाम हासिल करे, जिसकी कल्पना भी किसी ने न की हो.”

गोविंदा ने आगे बताया कि ‘रूपा’ को खास तौर पर आज के युवाओं को ध्यान में रखकर बनाया जा रहा है. उन्हें पूरी उम्मीद है कि जब युवा इस फिल्म को थिएटर्स में देखेंगे, तो उन्हें अपने सपनों को पूरा करने का एक नया हौसला मिलेगा.

कौन हैं गोविंदा की नई हीरोइन रानी स्वर्णकार?

इस फिल्म के जरिए गोविंदा बॉलीवुड को एक नया चेहरा देने जा रहे हैं. फिल्म ‘रूपा’ में उनके अपोजिट उत्तर प्रदेश की रहने वाली रानी स्वर्णकार नजर आएंगी. रानी इसी फिल्म से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत कर रही हैं. खुद गोविंदा ही उन्हें इस फिल्म के जरिए लॉन्च कर रहे हैं.

डेब्यू को लेकर एक्साइटेड रानी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया- “गोविंदा सर जैसे लीजेंड के साथ स्क्रीन शेयर करना किसी सपने जैसा है. सच कहूं तो उनके बगल में खड़े होने के लिए भी मुझे बहुत हिम्मत जुटानी पड़ी.” रानी ने आगे कहा कि वह बेहद खुशनसीब हैं कि उन्हें इतना बड़ा मौका मिला है और वह इस सुनहरे मौके को साबित करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगी.

ये भी पढ़ें- ऐश्वर्या राय और माधुरी दीक्षित में बड़ा ‘फीस वॉर’; जानें 24 साल पहले देवदास के लिए किसने वसूली दोगुनी रकम

कब शुरू होगी शूटिंग?

गोविंदा के फैंस को अब इस फिल्म के फ्लोर पर जाने का बेसब्री से इंतजार है. रिपोर्ट्स की मानें तो फिल्म की शूटिंग इसी साल सितंबर-अक्टूबर 2026 के आसपास शुरू हो सकती है. लंबे वक्त बाद गोविंदा को फिर से उसी पुराने अंदाज और नए जोश में देखना उनके फैंस के लिए किसी बड़ी ट्रीट से कम नहीं होगा.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read