Arun Govil on Ranbir Kapoor Ramayana: नितेश तिवारी की आने वाली मेगा-बजट फिल्म ‘रामायण’ को लेकर सोशल मीडिया पर जबरदस्त बज बना हुआ है. कुछ समय पहले जब फिल्म के टीजर के साथ रणबीर कपूर का ‘भगवान राम’ वाला लुक सामने आया, तो इंटरनेट पर बहस छिड़ गई. जहां एक तरफ फैंस इस नए अंदाज को देखकर एक्साइटेड थे, वहीं दूसरी तरफ सोशल मीडिया का एक बड़ा तबका रणबीर के इस चुनाव से खुश नहीं था और उन्हें जमकर ट्रोल किया जा रहा था. अब इस पूरे विवाद और आलोचना पर खुद टीवी के ‘राम’ यानी अरुण गोविल ने अपनी चुप्पी तोड़ी है और ट्रोलर्स को एक बेहद शालीन जवाब दिया है.
“लोग किसी और को राम के रूप में…”
रामानंद सागर की क्लासिक ‘रामायण’ में भगवान राम का अमर किरदार निभाने वाले अरुण गोविल ने हाल ही में एक इंटरव्यू में इस मिली-जुली प्रतिक्रिया पर खुलकर बात की. उन्होंने बेहद सहज अंदाज में समझाया कि दर्शक रणबीर का विरोध क्यों कर रहे हैं. अरुण गोविल ने कहा, “शायद इसकी एक बड़ी वजह यह है कि इतने सालों से जो किरदार मैंने निभाया, वह लोगों के लिए एक पैमाना बन गया है. आज भी वह छवि लोगों के दिलो-दिमाग में पूरी तरह से बसी हुई है. लोग किसी और को राम के रूप में देखना ही नहीं चाहते. मेरी ‘रामायण’ आज भी देश के किसी न किसी कोने में टीवी पर चल ही रही होती है.”
उन्होंने आगे एक बेहद दिलचस्प बात शेयर करते हुए कहा, “आज भी नॉर्थ और सेंट्रल इंडिया के मेलों या नाटकों में जब भगवान राम की तस्वीरें बिकती हैं, तो उन पर मेरा ही चेहरा होता है. ऐसे में मेरे लिए किसी दूसरे एक्टर के काम पर उंगली उठाना या कमेंट करना बिल्कुल ठीक नहीं होगा.”
रणबीर कपूर की एक्टिंग पर क्या है राय?
जब अरुण गोविल से सीधे तौर पर रणबीर कपूर के लुक और उनकी एक्टिंग के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने रणबीर का बचाव करते हुए कहा, “राम के रूप में वो कैसे लगेंगे, इस पर मैं अभी कुछ नहीं कहूंगा. लेकिन इसमें कोई दोराय नहीं है कि रणबीर एक बेहतरीन एक्टर और बहुत अच्छे इंसान हैं. हर कलाकार किसी भी किरदार को अपने नजरिए और अपने स्टाइल से जीता है. मुझे पूरा भरोसा है कि उन्होंने भी भगवान राम के इस रोल को अपने ही एक अलग और अनोखे अंदाज में पर्दे पर उतारा होगा.”
ये भी पढ़ें- क्या होता है बाइपोलर डिसऑर्डर? हनी सिंह हो चुके हैं शिकार; जानिए इसके लक्षण और प्रभाव
जब दर्शक कलाकारों को ही समझने लगे थे ‘भगवान’
आपको बता दें कि 1987-88 में दूरदर्शन पर प्रसारित होने वाली रामानंद सागर की ‘रामायण’ भारतीय टेलीविजन के इतिहास का सबसे बड़ा ब्लॉकबस्टर शो है. इस सीरियल का देश की संस्कृति पर इतना गहरा असर था कि लोग अरुण गोविल और सीता का रोल निभाने वालीं दीपिका चिखलिया को असल जिंदगी में भी भगवान मानकर उनके पैर छूने लगते थे.
नई ‘रामायण’ से जुड़ी कुछ खास बातें
बता दें कि नितेश तिवारी की इस नई ‘रामायण’ में रणबीर कपूर राम के रोल में हैं, जबकि साउथ की मशहूर एक्ट्रेस साई पल्लवी ‘सीता’ और ‘KGF’ फेम यश ‘रावण’ का किरदार निभा रहे हैं. दिलचस्प बात यह है कि तीन दशक पहले ‘राम’ बने अरुण गोविल भी इस नई फिल्म का हिस्सा हैं, लेकिन इस बार वह राजा दशरथ के किरदार में नजर आएंगे.
नमित मल्होत्रा के प्रोडक्शन में बन रही यह फिल्म दो भागों में आएगी. ‘रामायण पार्ट-1’ इसी साल अक्टूबर 2026 में सिनेमाघरों में धमाका करने के लिए तैयार है, जबकि इसका दूसरा हिस्सा साल 2027 में रिलीज किया जाएगा.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

