Bhabhi Ji Ghar Par Hai OTT Release: करीब एक दशक से टीवी स्क्रीन पर राज कर रहा शो ‘भाभी जी घर पर हैं’ आज किसी पहचान का मोहताज नहीं है. कानपुर की मॉडर्न कॉलोनी के उन मजेदार किरदारों तिवारी जी, विभूति नारायण मिश्रा, अंगूरी और अनीता भाभी ने हर घर में अपनी जगह बना ली है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि छोटे पर्दे पर सबकी बोलती बंद करने वाली यह पलटन जब बड़े पर्दे यानी सिनेमाघरों में उतरी, तो वहां इनका जादू कुछ खास नहीं चल पाया? जी हां, हम बात कर रहे हैं हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘भाभी जी घर पर है: फन ऑन द रन’ की.
सिनेमाघरों में नहीं चला जादू, अब OTT पर आजमाइश
अगर आप इस शो के पक्के वाले फैन हैं, तो आपके लिए एक मिली-जुली खबर है. खबर यह है कि सिनेमाघरों में बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप होने के बाद अब यह फिल्म आपके मोबाइल और स्मार्ट टीवी स्क्रीन्स पर दस्तक देने को तैयार है. जी5 ने आधिकारिक तौर पर घोषणा कर दी है कि फिल्म बहुत जल्द उनके प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम की जाएगी.
फ्लॉप होने की क्या रही वजह?
साल 2015 में शुरू हुआ यह शो आज 11 साल का सफर तय कर चुका है. इसकी जबरदस्त टीआरपी को देखते हुए मेकर्स को लगा कि क्यों न इन किरदारों को बड़े पर्दे पर उतारा जाए. इसी सोच के साथ रवि किशन और निरहुआ जैसे बड़े भोजपुरी सितारों को साथ लेकर ‘फन ऑन द रन’ बनाई गई. 6 फरवरी 2026 को इसे बड़े तामझाम के साथ रिलीज किया गया, लेकिन दर्शकों ने इसे सिरे से नकार दिया. फिल्म की कहानी और स्क्रीनप्ले में वो पैनापन नहीं दिखा जो टीवी शो की जान है. नतीजा यह हुआ कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिर गई.
कब और कहां देख सकेंगे?
फिल्म के मेकर्स और Zee5 ने अब उम्मीद जताई है कि जो लोग थिएटर नहीं जा पाए, वे इसे घर बैठे जरूर देखेंगे. जी5 ने सोशल मीडिया पर फिल्म का पोस्टर शेयर करते हुए बड़े ही देसी अंदाज में लिखा, “मॉडर्न कॉलोनी की पलटन निकल पड़ी है, करने fun on the run… सही पकड़े हैं.”
तारीख नोट कर लीजिए, यह फिल्म 3 अप्रैल 2026 से Zee5 पर स्ट्रीम होने जा रही है. अगर आप ‘हप्पू की उलटन पलटन’ और तिवारी जी के नोक-झोंक के दीवाने हैं, तो शायद ओटीटी पर यह फिल्म आपका थोड़ा मनोरंजन कर दे.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





