Bharat Express DD Free Dish

‘भारत भाग्य विधाता’ की कमाई में संडे को आई तेजी, क्या वसूल पाएगी 45 करोड़ का बजट?

कंगना रनौत स्टारर फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ ने अपने पहले रविवार को 1.80 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है, जिससे इसका तीन दिनों का कुल नेट कलेक्शन 4.25 करोड़ रुपये पहुंच गया है. 26/11 के कामा अस्पताल के रियल हीरोज पर बनी इस फिल्म को क्रिटिक्स से अच्छी समीक्षा मिली है.

Bharat Bhhagya Viddhaata Box Office Day 3 Sunday Collection Kangana Ranaut

Bharat Bhhagya Viddhaata Box Office Collection: बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत की हालिया रिलीज फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ को सिनेमाघरों में रिलीज हुए तीन दिन पूरे हो चुके हैं. 12 जून को रिलीज हुई इस फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन से ही दर्शकों और कमाई के लिए कड़ा संघर्ष करना पड़ रहा है. हालांकि, अच्छी बात यह है कि वीकेंड पर फिल्म के कलेक्शन में थोड़ी तेजी जरूर देखी गई है. आइए जानते हैं कि इस फिल्म ने अपने पहले रविवार यानी तीसरे दिन बॉक्स ऑफिस पर कितने करोड़ का कारोबार किया है.

रविवार को कमाई में आया उछाल

बॉक्स ऑफिस ट्रैकर सैकनिल्क (Sacnilk) की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक, ‘भारत भाग्य विधाता’ ने अपने रिलीज के तीसरे दिन यानी रविवार को घरेलू बॉक्स ऑफिस पर करीब 1.80 करोड़ रुपये (नेट) का कलेक्शन किया है. इस उछाल के साथ ही अब फिल्म की तीन दिनों की कुल कमाई भारत में महज 4.25 करोड़ रुपये हो पाई है.

रविवार को फिल्म के शोज की संख्या शनिवार के 1,956 शोज के मुकाबले घटकर 1,914 रह गई थी, लेकिन राहत की बात यह रही कि थिएटर्स में कुल ऑक्यूपेंसी लगभग 21% दर्ज की गई, जिससे संडे का कलेक्शन पहले दो दिनों से बेहतर रहा.

क्रिटिक्स की तारीफ, लेकिन दर्शक नदारद

मनोज तापड़िया के निर्देशन में बनी यह फिल्म 26/11 के मुंबई आतंकी हमलों के उस दर्दनाक मंजर को दिखाती है, जिसे शायद ही कोई भूल पाए. फिल्म की कहानी मुंबई के कामा अस्पताल के उन जांबाज डॉक्टरों, नर्सों और हेल्थकेयर वर्कर्स के इर्द-गिर्द बुनी गई है, जिन्होंने अपनी जान दांव पर लगाकर गर्भवती महिलाओं और नवजात बच्चों समेत कई मरीजों को सुरक्षित बचाया था.

यह कहानी असल जिंदगी की रियल हीरो नर्स अंजलि कुल्थे की बहादुरी से प्रेरित है. फिल्म में कंगना रनौत के साथ-साथ गिरिजा ओक, स्मिता तांबे और ईशा डे ने भी मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं. क्रिटिक्स और समीक्षकों ने फिल्म के विषय और अभिनय की काफी सराहना की है, लेकिन अफसोस कि यह तारीफ अभी तक बॉक्स ऑफिस पर भारी भीड़ में नहीं बदल पाई है.

45 करोड़ की लागत निकालना नामुमकिन!

सिनेमाई गलियारों की रिपोर्ट के अनुसार, इस फिल्म का कुल बजट लगभग 45 करोड़ रुपये बताया जा रहा है. फिल्म को अपने मणिकर्णिका फिल्म्स बैनर के तले कंगना ने खुद को-प्रोड्यूस भी किया है. बॉक्स ऑफिस की मौजूदा रफ्तार को देखें तो फिल्म तीन दिनों में 5 करोड़ का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाई है. ऐसे में ‘भारत भाग्य विधाता’ के लिए अपनी आधी लागत वसूलना भी बेहद मुश्किल लग रहा है, जिसके चलते इस फिल्म पर बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप होने का बड़ा खतरा मंडराने लगा है.

ये भी पढ़ें: Cocktail 2 प्रमोशन में बेकाबू हुई भीड़, शाहिद कपूर ने दिया फैन्स को धक्का; इवेंट में मचा हंगामा

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read