Bigg Boss 19 के होस्ट सलमान खान इस हफ्ते Weekend Ka Vaar के दौरान अपने पुराने रूप में दिखाई दिए जिसका दर्शकों को काफी वक्त से इंतेजार था. सलमान इस हफ्ते कंटेस्टेंट्स की हरकतों पर खासा नाराज दिखे और मंच पर जमकर क्लास लगाई. खास तौर पर फरहाना भट्ट को सलमान ने उनके बर्ताव और बातों के लिए जमकर फटकार लगाई.
वहीं गौरव खन्ना की शालीनता और धैर्य की सराहना करते हुए सलमान ने कहा कि “इस आदमी ने जो गरिमा दिखाई, वो हर किसी के बस की बात नहीं है.”
फरहाना को लगाई कड़ी फटकार
दरअसल, बीते हफ्ते के कैप्टेंसी टास्क के दौरान फरहाना भट्ट ने गौरव खन्ना से बहस के दौरान उनके करियर पर सवाल उठा दिए थे. उन्होंने कहा था– “कौन हो तुम? टीवी के सुपरस्टार? हमने तो कभी देखा ही नहीं.” इसके बाद भी वह बार-बार गौरव को उकसाती रहीं, लेकिन गौरव ने शांत रहकर जवाब दिया कि वह एक टेलीविजन सुपरस्टार हैं और अब “टीवी की ताकत” दिखाकर रहेंगें.
सलमान खान को ये रवैया बिल्कुल पसंद नहीं आया. उन्होंने फरहाना को सीधा जवाब देते हुए कहा, “अगर तुमने गौरव के शो नहीं देखे, तो ये तुम्हारी अज्ञानता है. वो टीवी पर बहुत पॉपुलर हैं. मैंने खुद उनके शो देखे हैं, मेरी मां भी देखती हैं. और अगर वह कहता है कि वह सुपरस्टार है, तो मान लो क्योंकि उसके फैंस ने उसे बनाया है, उसने खुद नहीं कहा.”
सलमान यहीं नहीं रुके. उन्होंने आगे कहा, “ये शख्स पिछले 20 सालों से हर दिन 18 घंटे मेहनत कर रहा है. फिर भी जब तुम उसे बार-बार भड़काती रहीं, उसने कभी अपना संयम नहीं खोया. अगर मैं उसकी जगह होता, तो इतना धैर्य नहीं रख पाता.”
वहीं सलमान ने गौरव की तारीफ करते हुए कहा कि वह बिग बॉस हाउस में एक मिसाल बनकर उभरे हैं. उन्होंने कहा, “गौरव ने दिखा दिया कि असली स्टार वही होता है जो हालात में भी अपनी गरिमा बनाए रखे.”
शो में जश्न का लगा तड़का
इस वीकेंड का वार सिर्फ डांट-फटकार तक सीमित नहीं रहा. एपिसोड में सलमान ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की शानदार वर्ल्ड कप 2025 जीत का भी जश्न मनाया. टीम की दिग्गज खिलाड़ी झूलन गोस्वामी और अंजुम चोपड़ा शो में शामिल हुईं, और सलमान ने उनके साथ बातचीत कर माहौल को खुशनुमा बना दिया.
इसके अलावा, ‘दे दे प्यार दे 2’ की टीम- अजय देवगन, रकुल प्रीत सिंह, आर. माधवन और मीजान जाफरी भी अपने फिल्म प्रमोशन के लिए शो पर पहुंचे. फिल्म 14 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने जा रही है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
– भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




