Bharat Express DD Free Dish

नियम टूटने पर भड़के बिग बॉस: आसिफ और उदिति की लड़ाई के बाद बदला पूरा खेल, खुद संभाली घर की कमान

बिग बॉस 20 के दूसरे हफ्ते की शुरुआत धमाकेदार ड्रामे के साथ हुई है. जहां एक ओर आसिफ और उदिति के बीच तीखी बहस देखने को मिली, वहीं नियम तोड़ने पर बिग बॉस ने नॉमिनेशन प्रक्रिया रद्द कर खुद कमान संभाल ली.

Bigg Boss 20

नियम टूटने पर भड़के बिग बॉस

Bigg Boss 20: बिग बॉस का घर हो और वहां बिना किसी हाई-वोल्टेज ड्रामे के दिन गुजर जाएं, ऐसा तो हो ही नहीं सकता! शो के दूसरे हफ्ते की शुरुआत ही ऐसे धमाकेदार मोमेंट्स के साथ हुई है कि दर्शकों की उत्सुकता सातवें आसमान पर है. ‘वीकेंड का वार’ के बाद घर का पूरा समीकरण ही बदल गया है, जहां एक तरफ रिश्तों की नई परतें खुल रही हैं, तो वहीं दूसरी तरफ घरवाले आपस में ही भिड़ते नजर आ रहे हैं. आइए जानते हैं इस हफ्ते घर के अंदर क्या कुछ नया और मसालेदार देखने को मिला.

काजी बने घर के नए सेंटर ऑफ अट्रैक्शन

‘वीकेंड का वार’ में जब होस्ट ने काजी तौकीर की जमकर तारीफ की तो घर के बाकी खिलाड़ियों का गेम प्लान एकदम से बदल गया. कैमरे में ज्यादा दिखने और फुटेज बटोरने के चक्कर में अब ज्यादातर कंटेस्टेंट्स उनके आस-पास मंडराने लगे हैं. हर कोई उनके साथ दोस्ती का दिखावा करते हुए हंसी-मजाक करता नजर आ रहा है, जिसे देखकर दर्शक भी समझ रहे हैं कि यह सिर्फ स्क्रीन स्पेस पाने का एक नया पैंतरा है.

आसिफ और उदिति के बीच भिड़ंत

घर में सुस्त चल रहे माहौल के बीच आसिफ खान और उदिति के बीच जबरदस्त तनातनी देखने को मिली. हुआ यूं कि मस्ती-मजाक के दौरान आसिफ ने उदिति को ताली मारी, जो एक्ट्रेस को बिल्कुल नागवार गुजरा. उदिति ने इस बात पर बड़ा बवंडर खड़ा कर दिया और साफ कह दिया कि उन्हें बिना इजाजत किसी का छूना या इस तरह से मजाक करना बिल्कुल पसंद नहीं है और यह सरासर बदतमीजी है.

हालांकि आसिफ ने तुरंत अपनी गलती मानते हुए माफी भी मांग ली, लेकिन उदिति इस बात पर अड़ी रहीं कि यह सब जानबूझकर किया गया था. इस आरोप से आहत होकर आसिफ का दिल टूट गया और गुस्से में बात इतनी बढ़ गई कि दोनों के बीच तीखी बहस हो गई.

नॉमिनेशन की प्रक्रिया हुई रद्द

वहीं इस हफ्ते का नॉमिनेशन टास्क भी काफी नाटकीय रहा. शुरुआत में उदिति, अमन, आम्रपाली और लव को सबसे ज्यादा वोट मिले थे, लेकिन बिग बॉस ने इस पूरी प्रक्रिया को ही रद्द कर दिया. वजह साफ थी कुछ घरवालों ने नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए आपस में बैठकर नॉमिनेशन पर चर्चा कर ली थी.

बिग बॉस ने टीवी स्क्रीन पर सबूत के तौर पर एक क्लिप भी दिखाई, जिसमें रोहिद, स्काउट, यंग और आसिफ खुलेआम नियम तोड़ते नजर आए. बिग बॉस की इस सख्ती से सभी की बोलती बंद हो गई. हालांकि, घर का कैप्टन होने की वजह से रैपर यंग इस सजा से बाल-बाल बच गए, लेकिन बाकी आरोपियों को सीधे तौर पर दंड भुगतना पड़ा.

ये भी पढ़ें- अंबानी गणेशोत्सव में बॉलीवुड सितारों का जमावड़ा, सलमान से लेकर रणबीर-आलिया के ट्रेडिशनल लुक ने लूटी महफिल

बिग बॉस से भिड़ने को तैयार आसिफ खान

मेकर्स के इस फैसले से आसिफ खान बुरी तरह भड़क उठे. उन्होंने गुस्से में यहां तक कह दिया कि अगर उन्हें इस फैसले के खिलाफ बिग बॉस से भी लड़ना पड़ा, तो वे पीछे नहीं हटेंगे. आसिफ का मानना है कि मेकर्स उनकी टीम के साथ नाइंसाफी कर रहे हैं और उनके साथ पक्षपात हो रहा है. आसिफ का यह तेवर देख उनके साथी स्काउट काफी इमोशनल भी हो गए. आसिफ ने तो यह तक कह दिया कि अगर मेकर्स को उन्हें घर से बाहर निकालना है, तो बिना झिझक निकाल दें.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read