Dharmendra Death: बॉलीवुड के ही-मैन धर्मेंद्र देओल का 89 साल की उम्र में निधन हो गया है. उनकी जिंदगी में फिल्मों के साथ-साथ राजनीति का भी एक अहम किस्सा जुड़ा है. 2004 के लोकसभा चुनाव में धर्मेंद्र ने बीजेपी के टिकट पर राजस्थान की बीकानेर सीट से चुनाव लड़ा और शानदार जीत हासिल की. उनका राजनीतिक सफर उतना दमदार नहीं रहा जितना उनका फिल्मी करियर रहा है.
राजनीति में एंट्री
धर्मेंद्र बीजेपी के ‘शाइनिंग इंडिया’ कैंपेन से प्रभावित होकर राजनीति में आए. शत्रुघ्न सिन्हा के साथ वे लालकृष्ण आडवाणी से मिले और यहीं से उनकी राजनीतिक शुरुआत हुई. बीकानेर से उम्मीदवार बनाए गए धर्मेंद्र ने कांग्रेस के रमेश्वर लाल डूडी को करीब 60 हजार वोटों से हराया था.
शोले वाला अंदाज
चुनाव प्रचार के दौरान धर्मेंद्र ने अपने फिल्मी अंदाज में कहा था कि अगर सरकार मेरी बात नहीं मानेगी तो मैं संसद की छत से छलांग लगा दूंगा. यह बयान खूब सुर्खियों में रहा और समर्थकों में गजब का उत्साह पैदा हुआ.
जीत के बाद आरोप
सांसद बनने के बाद धर्मेंद्र पर आरोप लगे कि वे बीकानेर में लोगों से कम जाते थे, संसद में उनकी मौजूदगी बेहद कम रही और वे फिल्मों या फार्महाउस में ज्यादा व्यस्त रहते थे. कुछ लोग कहते थे कि वे पर्दे के पीछे से काम करवाते थे लेकिन उनकी छवि निष्क्रिय सांसद की बन गई.
ये भी पढ़ें-ही-मैन धर्मेंद्र का निधन, 89 साल की उम्र में बॉलीवुड ने खोया अपना दिग्गज सितारा
राजनीति से मोहभंग
2009 में कार्यकाल पूरा होने के बाद धर्मेंद्र ने राजनीति से दूरी बना ली और फिर कभी चुनाव न लड़ने का संकल्प लिया. उन्होंने खुद स्वीकार किया कि राजनीति उनके लिए सही जगह नहीं थी. धर्मेंद्र ने कहा था,
“काम मैं करता था, क्रेडिट कोई और लेता था. शायद यह दुनिया मेरे लिए नहीं थी.”
उनके बेटे सनी देओल ने भी माना कि पिताजी को राजनीति पसंद नहीं आई और चुनाव लड़ने का पछतावा रहा.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

