Urdu Conclave 2026

‘हनुमान अंश’ सिनेमाघरों में 7 अगस्‍त से: रिलीज से पहले फिल्म मेकर अनुप्रिया नागर की मनोज तिवारी और आचार्य प्रमोद कृष्णम से भेंट

HANUMAN ANSH MOVIE RELEASE: कैंची धाम के संत श्री नीम करोली बाबा के जीवन पर आधारित हिंदी फीचर फिल्म ‘हनुमान अंश’ 7 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है. रिलीज से पूर्व फिल्म की युवा निर्माता अनुप्रिया ए. नागर ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, सांसद मनोज तिवारी और आचार्य प्रमोद कृष्णम से अलग-अलग मुलाकात की.

Nitin Gadkari Manoj Tiwari Hanuman Ansh
Vijay Ram Edited by Vijay Ram

कैंची धाम के सिद्ध संत श्री नीम करोली बाबा के जीवन, शिक्षाओं और भक्ति यात्रा पर आधारित बहुप्रतीक्षित हिंदी फीचर फिल्म ‘हनुमान अंश’ (Hanuman Ansh) 7 अगस्त 2026 को देश भर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित होने जा रही है. फिल्म की रिलीज से ठीक पहले स्वयंभू मीडिया नेटवर्क (Swambhu Media Network) की निर्माता अनुप्रिया ए. नागर ने दिल्ली में कई प्रमुख राजनीतिक व आध्यात्मिक हस्तियों से व्यक्तिगत मुलाकात की.

अनुप्रिया नागर ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद मनोज तिवारी और वरिष्ठ आध्यात्मिक गुरु आचार्य प्रमोद कृष्णम से मुलाकात कर अपनी फिल्म का पोस्टर व ट्रेलर साझा किया. तीनों दिग्गजों ने फिल्म के ट्रेलर और इसमें दर्शाई गई भक्ति, सेवा व समर्पण की भावना की दिल खोलकर सराहना की. इसी कड़ी में निर्माता अनुप्रिया ने इंडिया टीवी (India TV) के साथ एक खास पॉडकास्ट में भी फिल्म से जुड़े पहलुओं पर चर्चा की.

नीम करोली बाबा के जीवन और 10 भक्ति भजनों से सजी फिल्म

फिल्म ‘हनुमान अंश’ कैंची धाम वाले नंगे पैर वाले संत श्री नीम करोली बाबा के जीवन और भगवान हनुमान के प्रति उनकी अगाध भक्ति को जीवंत करती है. फिल्म में 10 मूल भक्ति गीत, भजन और संकीर्तन शामिल किए गए हैं, जो बाबा की शिक्षाओं और कीर्तन परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाते हैं.

कौन हैं निर्माता अनुप्रिया ए. नागर?

इकोनॉमिस्ट से फिल्म निर्माता बनीं अनुप्रिया ए. नागर दुनिया की सबसे कम उम्र की फीचर फिल्म निर्माताओं में से एक हैं. ब्रिटेन की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी ऑफ बाथ से इकोनॉमिक्स में स्नातक अनुप्रिया यूके के ‘हाउस ऑफ लॉर्ड्स’ में अपना संबोधन दे चुकी हैं.

फिल्म के निर्माण से पहले उन्होंने नीम करोली बाबा को करीब से जानने वाले प्रत्यक्षदर्शियों व उनके परिवारों से मिलकर गहन शोध किया और लगातार 43 दिनों तक हनुमान चालीसा का पाठ किया.

फिल्म को लेकर अनुप्रिया नागर ने कहा-

“मैंने इस कहानी को नहीं चुना, बल्कि इस कहानी ने मुझे चुना है. लाखों लोगों में से मुझे बाबा की गाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और उनके प्रति लोगों की अटूट आस्था को समझने का यह दिव्य अवसर मिला है.”

यह फिल्म 7 अगस्त 2026 को पूरे भारत के सिनेमाघरों में एक साथ रिलीज हो रही है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read