Kailash Kher Live Concert Ruckus: ग्वालियर में आयोजित एक लाइव कॉन्सर्ट उस समय अखाड़े में तब्दील हो गया जब मशहूर सूफी गायक और पद्मश्री कैलाश खेर मंच पर अपनी जादुई आवाज का जादू बिखेर रहे थे. पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के मौके पर आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में संगीत की लहरों की जगह अचानक चीख-पुकार और हंगामे ने ले ली. आलम यह था कि बेकाबू भीड़ ने सुरक्षा घेरा तोड़ दिया और कैलाश खेर को गुस्से में आकर अपना शो बीच में ही रोकना पड़ा.
बैरिकेड्स टूटे, सुरक्षा के दावों की खुली पोल
कैलाश खेर की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ग्वालियर का वह मैदान दर्शकों से खचाखच भर गया था. लेकिन जैसे ही कैलाश ने अपने सुपरहिट गानों की तान छेड़ी, फैंस का उत्साह पागलपन में बदल गया.
भीड़ इतनी ज्यादा थी कि लोग एक-दूसरे को धकेलते हुए बैरिकेड्स तोड़कर सीधे स्टेज की ओर बढ़ने लगे.
देखते ही देखते स्थिति पुलिस के हाथ से निकल गई. यह वही मैदान था जहां कुछ ही घंटों पहले गृहमंत्री अमित शाह ने जनसभा को संबोधित किया था, लेकिन रात होते-होते सुरक्षा के तमाम बंदोबस्त धरे के धरे रह गए.
गुस्से में बोले कैलाश खेर- “इंसान बनो…”
स्टेज तक भीड़ को पहुंचता देख कैलाश खेर का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया. उन्होंने तुरंत गाना बंद किया और माइक संभालते हुए दर्शकों को फटकार लगाई. सिंगर ने बेहद तल्ख लहजे में कहा, “हमने आप लोगों की बहुत तारीफ की थी, लेकिन आप लोग तो जानवरों जैसा व्यवहार कर रहे हैं.”
उन्होंने साफ चेतावनी दी कि अगर कोई भी उनके साजों-सामान या म्यूजिशियंस के पास आने की कोशिश करेगा, तो वह शो उसी पल खत्म कर देंगे.
कैलाश खेर मंच से ही पुलिस अधिकारियों को स्थिति संभालने के निर्देश देते नजर आए. उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि इस तरह के माहौल में परफॉर्म करना नामुमकिन है.
ये भी पढ़ें- गोविंदा के अफेयर पर सुनीता आहूजा ने तोड़ी चुप्पी, बोलीं- ‘वो लड़की सिर्फ पैसों के लिए पीछे पड़ी है’
सुरक्षा में भारी चूक का मामला
दिलचस्प और चिंताजनक बात यह है कि इस कार्यक्रम के लिए कड़ी सुरक्षा का दावा किया गया था. दिन के समय गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी की वजह से चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात थी. लेकिन कैलाश खेर के कॉन्सर्ट के दौरान भीड़ का मैनेजमेंट पूरी तरह फेल नजर आया. हालांकि, इस हंगामे से पहले कैलाश खेर ने ‘तौबा-तौबा रे तेरी सूरत’ और ‘सैयां’ जैसे गानों से समां बांध दिया था, लेकिन अंत में कड़वाहट और अव्यवस्था ही हाथ लगी.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



