Kangana Ranaut BJP Puppet Statement- bharat express
Kangana Ranaut BJP Puppet Statement: एक्ट्रेस और बीजेपी सांसद कंगना रनौत एक बार फिर अपने बेबाक बयानों को लेकर चर्चा में हैं. कंगना ने एक इंटरव्यू में अपनी राजनीति, पार्टी के साथ रिश्ते, अगले लोकसभा चुनाव में टिकट मिलने की संभावना और फिल्मों में वापसी को लेकर खुलकर बात की. उन्होंने साफ कहा कि वह बीजेपी की ‘कठपुतली’ नहीं हैं और उनकी अपनी विचारधारा और पहचान है. कंगना ने यह भी कहा कि राजनीति में भविष्य को लेकर अनिश्चितता बनी रहती है, लेकिन अगर उन्हें अगला चुनाव लड़ने के लिए टिकट नहीं मिलता है तो भी उनके पास करने के लिए बहुत कुछ है.
‘मैं कोई पपेट थोड़ी ना हूं’
कंगना रनौत ने ‘डीडी न्यूज’ को दिए इंटरव्यू में अपने आक्रामक और बेबाक बयानों पर भी बात की. उनसे पूछा गया कि उनके बयान क्या बीजेपी की आधिकारिक लाइन होते हैं या उनकी व्यक्तिगत राय. इस पर कंगना ने कहा कि वह पार्टी से अलग होने की कोशिश नहीं कर रही हैं, लेकिन जब बहुत ज्यादा शोर होता है तो अपनी बात रखने के लिए कभी-कभी तेज आवाज में बोलना पड़ता है. अपने बयानों के अंदाज को लेकर उन्होंने कहा कि कई बार वह तगड़े बयान दे देती हैं, हालांकि उनका मकसद जानबूझकर विवाद खड़ा करना नहीं होता. इसी दौरान उन्होंने अपनी राजनीतिक स्वतंत्रता को लेकर कहा कि वह किसी की कठपुतली नहीं हैं.
कंगना ने कहा कि बीजेपी आज उनके साथ है, लेकिन कल क्या होगा, यह निश्चित नहीं है. उन्होंने अपनी व्यक्तिगत पहचान का जिक्र करते हुए कहा कि वह करीब दो साल से संसद की सदस्य हैं, जबकि करीब 20 साल से कलाकार हैं. उनके मुताबिक, राजनीति के अलावा भी उनका अपना एक वजूद है और उनकी बात सुनने के लिए मीडिया मौजूद रहेगा.
‘मेरी सोच और विचारधारा मेरी अपनी है’
कंगना ने कहा कि वह अपनी पार्टी के साथ विचारधारा के स्तर पर जुड़ी हुई हैं और उन्हें पार्टी के साथ अपनी अलाइनमेंट के लिए कुछ ‘पुट ऑन’ करने की जरूरत नहीं पड़ती. हालांकि, उन्होंने माना कि कभी-कभी उनके और पार्टी के बीच विचारों में ऊंच-नीच हो सकती है, जो पार्टी नेताओं को खटक सकती है. उन्होंने खुद को राजनीति में अभी नया बताते हुए कहा कि वह इन चीजों को सीख रही हैं. कंगना का कहना है कि उनकी व्यक्तिगत सोच और विचारधारा उनकी अपनी है और वह अचानक खत्म नहीं हो सकती.
टिकट नहीं मिला तो क्या करेंगी कंगना?
इंटरव्यू में कंगना से पूछा गया कि पांच या दस साल बाद वह खुद को किसी बड़े संवैधानिक पद पर देखती हैं या फिर एक्टिंग की दुनिया में लौट जाएंगी. इस सवाल पर उन्होंने कहा कि मौजूदा दौर की अनिश्चितताओं को देखते हुए इस बारे में निश्चित जवाब देना मुश्किल है. जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें इस बात का डर है कि अगले लोकसभा चुनाव में शायद उन्हें टिकट न मिले, तो कंगना ने कहा कि इसे डर नहीं कहा जा सकता. उन्होंने साफ किया कि टिकट न मिलने से उनका अस्तित्व खत्म नहीं हो जाएगा. कंगना ने खुद को एक्ट्रेस, फिल्ममेकर और राइटर बताते हुए कहा कि उन्हें अपने काम से बहुत प्यार है. उन्होंने यह भी दावा किया कि आज भी कई डायरेक्टर्स की वह पसंदीदा एक्ट्रेस हैं और उनमें से कई उनके साथ काम करने का इंतजार कर रहे हैं. कंगना के मुताबिक, कई निर्देशक उनसे पूछते हैं कि उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री क्यों छोड़ दी. ऐसे में उनका कहना है कि जिंदगी में राजनीति के अलावा भी करने के लिए बहुत कुछ है.
बाबा रामदेव पर फिर साधा निशाना
इसी इंटरव्यू में कंगना रनौत ने बाबा रामदेव से जुड़े विवाद पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी. दरअसल, बाबा रामदेव ने कंगना के उस बयान की आलोचना की थी, जिसमें उन्होंने Gen-Z को लेकर ‘गटरछाप’ टिप्पणी की थी. रामदेव ने कंगना की निजी जिंदगी और उनकी जवानी को लेकर भी टिप्पणी की थी. इस बारे में सवाल पूछे जाने पर कंगना ने बेहद तीखे अंदाज में पलटवार किया. उन्होंने सवाल किया कि क्या बाबा रामदेव उनकी निजी जिंदगी देखने के लिए उनके कमरे में ‘चमगादड़ की तरह लटक रहे थे’? कंगना ने कहा कि आखिर उन्होंने उनकी जवानी में ऐसा क्या देखा था, जिसके आधार पर वह इस तरह की बातें कर रहे हैं. कंगना ने कहा कि बाबा रामदेव को स्पष्ट करना चाहिए कि उन्होंने ऐसा क्या देखा था, जिसके आधार पर उन्होंने उनके अतीत को लेकर टिप्पणी की.
इंस्टाग्राम पर भी दे चुकी हैं जवाब
बाबा रामदेव के बयान के बाद कंगना इससे पहले इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए भी उन्हें जवाब दे चुकी हैं. उन्होंने बाबा रामदेव से उनकी जवानी या बेडरूम को लेकर सपने न देखने की बात कही थी. कंगना ने अपने जवाब में कहा था कि किसी की निजी जिंदगी के बारे में केवल अफवाहों और गॉसिप के आधार पर अंदाजा लगाया जा सकता है. उन्होंने बाबा रामदेव पर निशाना साधते हुए मेडिकल दावों से जुड़े पुराने विवाद का भी जिक्र किया. कंगना ने कहा था कि उन्हें कम से कम झूठे या कथित तौर पर भ्रामक मेडिकल दावों को लेकर सुप्रीम कोर्ट से फटकार नहीं पड़ी है. उन्होंने इसे तथ्यों और सबूतों पर आधारित टिप्पणी बताते हुए बाबा रामदेव को उन्हें ‘कैरेक्टर’ का पाठ न पढ़ाने की सलाह दी थी.
यह भी पढ़ें: KGF वाले यश की ‘टॉक्सिक’ बनी ‘टॉर्चर’? कियारा-तारा भी नहीं बचा पाईं लाज
राजनीति और फिल्मों के बीच खुला है रास्ता
कंगना रनौत के ताजा बयान से साफ है कि वह राजनीति के साथ-साथ अपने फिल्मी करियर के विकल्प को भी खुला रखना चाहती हैं. लोकसभा चुनाव में टिकट मिलने या न मिलने को लेकर उन्होंने किसी तरह की चिंता जाहिर नहीं की. इसके बजाय उन्होंने अपनी पहचान को राजनीति से अलग भी मजबूत बताया. उनका कहना है कि संसद सदस्य होने के साथ-साथ वह एक कलाकार, फिल्ममेकर और राइटर भी हैं. ऐसे में अगर राजनीतिक सफर में कभी बदलाव आता है तो उनके पास वापस रचनात्मक क्षेत्र में लौटने के पर्याप्त विकल्प मौजूद हैं. कंगना के इन बयानों के बाद एक बार फिर राजनीति और बॉलीवुड दोनों ही क्षेत्रों में उनके भविष्य को लेकर चर्चा तेज हो सकती है. खासकर बीजेपी के साथ अपने रिश्ते और बाबा रामदेव पर उनके तीखे पलटवार को लेकर उनका बयान सुर्खियों में है.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


