Kishore Kumar: हिंदी सिनेमा की दुनिया में सितारों की जिंदगी जितनी चमकदार होती है, उतनी ही उलझी हुई भी होती है. कैमरे के सामने मुस्कराने वाले ये चेहरे अपने निजी जीवन में कई बार गहरे दर्द से गुजरते हैं.
ऐसी ही एक दिलचस्प और भावनात्मक कहानी है किशोर कुमार, योगिता बाली और मिथुन चक्रवर्ती की. इसमें है प्यार, धोखा, गुस्सा और फिर खुद को दोबारा संभालने की ताकत.
किशोर कुमार – एक ऐसा नाम जिसे किसी परिचय की जरूरत नहीं. वो गायक, अभिनेता, संगीतकार और फिल्म निर्देशक थे. जितना रंगीन उनका फिल्मी करियर रहा, उतना ही उतार-चढ़ाव से भरा रहा उनका निजी जीवन.
किशोक कुमार ने 4 शादियां की थीं और उनकी तीसरी शादी हुई थी अभिनेत्री योगिता बाली से. दोनों के बीच का ये खूबसूरत रिश्ता ज्यादा दिन नहीं चल सका क्योंकि योगिता ने किशोर कुमार के साथ कुछ ऐसा कर दिया जिससा दुख उन्हें पूरी जिंदगी रहा.
जब प्यार ने किशोर कुमार के जीवन में दी दस्तक
1976 में किशोर कुमार और योगिता बाली की शादी हुई थी. योगिता उस दौर की खूबसूरत और ग्लैमरस अभिनेत्री थीं. किशोर दा उनसे उम्र में काफी बड़े थे, लेकिन उनके बीच शुरुआत में गहरा प्यार और अपनापन था.
किशोर कुमार ने उन्हें अपनी जिंदगी की सबसे बड़ी खुशी माना और उन पर बहुत भरोसा किया. लेकिन कुछ सालों बाद जो दोनों की जिंदगी में होने वाला था उसकी किसी को खबर नहीं थी.
शादी के शुरुआती कुछ साल ठीक रहे, लेकिन फिर रिश्ते में दूरियां आने लगीं. इसी दौरान योगिता की मुलाकात मिथुन चक्रवर्ती से हुई.
मिथुन उस समय इंडस्ट्री में नए थे, लेकिन उनका चार्म, एक्शन और डांस से भरा अंदाज लोगों को बहुत भा रहा था. एक फिल्म के सेट पर योगिता और मिथुन की दोस्ती हुई, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई.
रिश्ता टूटा और दर्द गहरा हो गया
किशोर कुमार को जल्द ही ये एहसास होने लगा कि योगिता उनसे दूर होती जा रही हैं. जब उन्हें मिथुन और योगिता के रिश्ते का पता चला, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई.
कहा जाता है कि उन्होंने गुस्से और दुख में योगिता से कह दिया कि वो अब इस घर में नहीं रह सकतीं. किशोर दा इतने आहत हुए कि उन्होंने योगिता से जुड़ी हर चीज अपनी जिंदगी से मिटा दी.
1979 में योगिता ने किशोर कुमार से तलाक लिया और उसी साल मिथुन चक्रवर्ती से शादी कर ली. मीडिया में यह शादी बहुत चर्चा में रही.
दर्द ने अमर गीतों को दिया जन्म
किशोर कुमार ने कभी इस दर्द को खुलकर जाहिर नहीं किया, लेकिन उनके गानों में ये साफ झलकता है. उस दौर में उनके द्वारा गाए गए कई गानों में एक अलग ही तन्हाई, दर्द और गहराई महसूस होती है.
उन्होंने अपने टूटे दिल को अपनी ताकत बना लिया और अपनी कला के जरिए दिलों पर राज करते रहे. बाद में किशोर कुमार ने लीना चंदावरकर से शादी की, जो उनके आखिरी समय तक उनके साथ रहीं.
वहीं, मिथुन और योगिता की शादी में भी कई उतार-चढ़ाव आए, मगर उन्होंने एक-दूसरे का साथ नहीं छोड़ा.
ये भी पढ़ें- ICC के 8 नए नियम: टेस्ट से लेकर वनडे तक क्रिकेट में किए गए बड़े बदलाव
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



