Bharat Express DD Free Dish

कुमार विश्वास ने इस एक्ट्रेस को क्यों कहा जाहिर-जमूरा? राजस्थान की संस्कृति को लेकर सुनाई खरी-खोटी

कवि कुमार विश्वास ने एक्ट्रेस के ‘पद्मावत’ और जौहर से जुड़े पुराने बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने राजस्थान के इतिहास, वीरता और बलिदान की परंपरा का जिक्र करते हुए कहा कि किसी फिल्म या बयान से इस विरासत को मिटाया नहीं जा सकता.

Kumar Vishwas Swara Bhasker controversy

कुमार विश्वास ने एक्ट्रेस स्वरा भास्कर पर दिया बड़ा बयान

Kumar Vishwas Swara Bhasker controversy: राजस्थान के इतिहास, वीरता और जौहर की परंपरा को लेकर एक बार फिर बहस तेज हो गई है. इस बार कवि और लेखक कुमार विश्वास ने एक्ट्रेस स्वरा भास्कर के पुराने बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने अभिनेत्री का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया, लेकिन अपने बयान में उन्हें ‘जाहिल’ और ‘जमूरा’ कहकर निशाना साधा. कुमार विश्वास ने कहा कि किसी फिल्म या कहानी में इतिहास को जिस तरह भी पेश किया जाए, उससे राजस्थान के गौरव और वहां की कुर्बानियों को मिटाया नहीं जा सकता.

दरअसल, संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘पद्मावत’ को लेकर स्वरा भास्कर ने जौहर की परंपरा पर सवाल उठाए थे. उन्होंने रानी पद्मावती और उनके साथ जौहर करने वाली महिलाओं के संदर्भ में विवादित टिप्पणी की थी. उनके इस बयान को लेकर उस समय भी काफी विवाद हुआ था. अब कुमार विश्वास के ताजा बयान ने इस पुराने मुद्दे को फिर चर्चा में ला दिया है.

‘रक्त से लिखी कुर्बानी से बना है राजस्थान’

राजस्थान के इतिहास का जिक्र करते हुए कुमार विश्वास ने कहा कि इस धरती का गौरव किसी फिल्म के कुछ घंटों के कंटेंट से खत्म नहीं हो सकता. उन्होंने कहा कि राजस्थान की मिट्टी में वीरों और बलिदानियों की कुर्बानियां बसी हैं. उनके मुताबिक, जरूरत इस बात की है कि लोग अपने बच्चों और आने वाली पीढ़ी को इस इतिहास के बारे में सही जानकारी दें.

कुमार विश्वास ने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी फिल्म या कलाकार के बयान को लेकर नाराज होने से ज्यादा जरूरी है कि परिवार अपने बच्चों को इतिहास के वास्तविक प्रसंगों से परिचित कराएं. उन्होंने ऐसे लोगों पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन्होंने इतिहास को ठीक से पढ़ा या समझा नहीं, वे दूर बैठकर देश की संस्कृति और इतिहास की व्याख्या करते हैं.

महाराणा प्रताप और हल्दीघाटी का भी किया जिक्र

अपने तर्क को समझाने के लिए कुमार विश्वास ने अपने परिवार का उदाहरण भी दिया. उन्होंने बताया कि वह अपने परिवार और बच्चों को ऐतिहासिक स्थलों पर ले जाते हैं और वहां की घटनाओं के बारे में बताते हैं. उन्होंने हल्दीघाटी और कुंभलगढ़ का जिक्र करते हुए महाराणा प्रताप के संघर्ष को स्वाभिमान और स्वतंत्रता की लड़ाई बताया.


ये भी पढ़ें: बाबा नीम करोली का चमत्कार! छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री हुई फिल्म ‘हनुमान अंश’; क्या बोले सीएम विष्णुदेव साय?


कुमार विश्वास ने लोगों से अपील की कि सिर्फ विदेशों के पर्यटन स्थलों तक सीमित रहने के बजाय राजस्थान जैसे ऐतिहासिक प्रदेश को भी करीब से देखा जाए. कुमार विश्वास ने कहा कि लोग राजस्थान जाएं, वहां के किलों और तीर्थस्थलों को देखें और अपने इतिहास को समझें. उन्होंने अंडमान जाकर स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्थानों को देखने की बात भी कही.

उनका साफ संदेश था कि इतिहास पर बहस करने या किसी फिल्म से नाराज होने से ज्यादा जरूरी है उसे अगली पीढ़ी तक सही तरीके से पहुंचाना. अगर आने वाली पीढ़ी अपने इतिहास और संस्कृति को जानेगी, तो किसी फिल्म, बयान या विवाद से उस विरासत पर असर नहीं पड़ेगा.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read