मिर्जापुर द मूवी में रवि किशन समेत चार नए किरदारों की एंट्री
Mirzapur: The Movie Poster Released: पूर्वांचल की भौकाल गाथा ‘मिर्जापुर’ अब ओटीटी की छोटी स्क्रीन से निकलकर बड़े पर्दे पर तहलका मचाने आ रही है. बता दें कि ‘मिर्जापुर: द मूवी’ को लेकर फैंस का पारा पहले ही सातवें आसमान पर था, लेकिन अब मेकर्स ने 4 नए पोस्टर्स रिलीज करके इंटरनेट पर आग लगा दी है. कालीन भैया (पंकज त्रिपाठी), गुड्डू पंडित (अली फज़ल) और मुन्ना भैया (दिव्येंदु) के वर्चस्व की जंग में अब 4 नए और सबसे जहरीले किरदारों की एंट्री हो चुकी है.
इस बार सत्ता की गद्दी की यह खूनी जंग सिर्फ पुराने सूरमाओं के बीच नहीं बल्कि नए खिलाड़ियों के साथ और ज्यादा भयंकर होने वाली है!
पूर्वांचल के भौकाल में आया नया बवंडर(Mirzapur: The Movie Poster Released)
मेकर्स ने सबसे बड़ा सरप्राइज पूर्वांचल के देसी सुपरस्टार रवि किशन के रूप में दिया है. रवि किशन फिल्म में ‘बब्बन बबुआ’ का खौफनाक और पावरफुल किरदार निभाते नजर आएंगे. पोस्टर में उनका लुक देखते ही बन रहा है. ऐसा माना जा रहा है कि बब्बन बबुआ का यह किरदार कालीन भैया और गुड्डू पंडित के सीधे टक्कर में खड़ा होगा और मिर्जापुर की गद्दी का नया समीकरण तय करेगा!
रवि किशन के अलावा और 3 कौन?
फिल्म में केवल रवि किशन ही नहीं बल्कि तीन और बड़े नामों की एंट्री हुई है जो कहानी में बारूद भरने का काम करेंगे:
मोहित मलिक: टीवी के जाने-माने एक्टर मोहित मलिक ‘बिरजू लोहार’ के खतरनाक अंदाज में दिखेंगे.
सुशांत सिंह: बॉलीवुड के कड़क एक्टर सुशांत सिंह ‘भैरव सिंह कर्णावत’ का धाकड़ रोल निभाएंगे.
सोनल चौहान: एक्ट्रेस सोनल चौहान की एंट्री ‘मुमताज बीबी’ के रूप में हुई है, जो अपनी अदाओं और चालाकी से सत्ता के खेल को पलटने की ताकत रखती हैं.
ये भी पढ़ें-‘हंसते-हंसते फांसी के फंदे को…’, शहीद राजगुरु की जयंती पर अमित शाह क्या बोले?
बड़े पर्दे पर मिर्जापुर का डबल धमाका
वेब सीरीज में तहलका मचाने वाले पुराने चेहरे-पंकज त्रिपाठी, अली फज़ल और दिव्येंदु शर्मा (मुन्ना भैया) बड़े पर्दे पर फिर से आमादा हैं. इसके अलावा रसिका दुगल (बीना त्रिपाठी), श्वेता त्रिपाठी (गोलू गुप्ता) और विजय वर्मा भी अपनी-अपनी गोटियां सेट करते दिखेंगे. मेकर्स ने जिस तरह से पुराने और नए किरदारों को एक फ्रेम में पिरोया है, उसने मिर्जापुर की इस मूवी को 2026 की सबसे बड़ी और बहुप्रतीक्षित एक्शन-ड्रामा फिल्म बना दिया है!
4 सितंबर 2026 को थिएटर्स में लगेगा मेला
‘मिर्जापुर: द मूवी’ की रिलीज डेट आधिकारिक तौर पर 4 सितंबर 2026 तय कर दी गई है. ओटीटी के प्लेटफॉर्म पर रिकॉर्ड तोड़ व्यूज बटोरने के बाद अब सिनेमाघरों के बड़े पर्दे पर जब गोलियों की तड़तड़ाहट और देसी गालियों-डायलॉग्स की गूंज सुनाई देगी, तो थिएटर्स का माहौल देखने लायक होगा. मेकर्स का दावा है कि फिल्म का स्केल और एक्शन वेब सीरीज से 10 गुना बड़ा होगा!
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
