नेहा पेंडसे (Neha Pendse) एक जानी-मानी टीवी और मराठी फिल्म एक्ट्रेस हैं. 2024 में वह शो ‘मे आई कम इन मैडम? 2’ में नजर आई थीं, जिसके बाद उन्होंने टीवी से दूरी बना ली. हाल ही में हौटरफ्लाई (Hauterrfly) से बातचीत में उन्होंने अपनी पर्सनल लाइफ और करियर ब्रेक को लेकर कई बातें शेयर की हैं. उन्होंने बताया कि यह ब्रेक उन्होंने अपनी इच्छा से लिया था और अब वह दोबारा अपने करियर पर फोकस करने और वापसी के लिए पूरी तरह तैयार हैं.
इंटरव्यू में किया खुलासा
2020 में नेहा पेंडसे ने शार्दुल सिंह ब्यास से मराठी रीति-रिवाजों के अनुसार शादी की थी. इंटरव्यू में उनसे पूछा गया कि क्या शादी के बाद उन पर बच्चे को लेकर कोई दबाव बनाया गया था. इस पर उन्होंने कहा कि उन पर ऐसा कोई दबाव नहीं था, क्योंकि वह खुद अभी बच्चा नहीं चाहतीं.

एक्ट्रेस ने आगे कहा कि देश की मौजूदा स्थिति, बढ़ती जनसंख्या, महंगाई और सामाजिक माहौल को देखते हुए उन्हें लगता है कि अभी बच्चे को इस दुनिया में लाना सही नहीं होगा. उनके मुताबिक, आजकल शिक्षा और परवरिश बहुत खर्चीली हो गई है और बच्चे को सिर्फ जन्म देना ही नहीं, बल्कि उसकी पूरी जिम्मेदारी भी निभानी पड़ती है.

एग्स को कराया फ्रीज
नेहा पेंडसे ने कहा कि वह बच्चे की पूरी जिम्मेदारी अपने पति पर नहीं डालना चाहतीं. जब उनके जीवन में बच्चा करने का समय आया, तब वह अपने करियर को फिर से बनाने में लगी हुई थीं. नेहा यह भी बताया कि उन्होंने अपने एग्स फ्रीज करवाए हैं. उनके अनुसार यह प्रक्रिया काफी मुश्किल और दर्द भरी होती है, यहां तक कि यह दर्द पीरियड्स के दर्द से भी ज्यादा होता है. नेहा ने यह भी बताया कि एग्स फ्रीज कराने में काफी पैसा लगता है और उन्हें हर साल इसे सुरक्षित रखने के लिए अस्पताल को अलग से फीस भी देनी पड़ती है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

