विवेक अग्निहोत्री अब एक ऐसे सैन्य मिशन को पर्दे पर उतारने जा रहे हैं, जिसने दुश्मनों के दांत खट्टे कर दिए थे. हालांकि, विवेक हमेशा की तरह सस्पेंस बनाए रखने में माहिर हैं. चलिए जानते हैं कि आखिर कहानी क्या है.
यह कहानी 22 अप्रैल 2025 की है. उस दिन पहलगाम में बेगुनाह सैलानियों और नागरिकों पर एक कायरतापूर्ण आतंकी हमला हुआ था, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था. भारत ने चुप बैठने के बजाय ईंट का जवाब पत्थर से देने का फैसला किया. भारतीय सेना ने सीमा पार जाकर पाकिस्तान और पीओके (PoK) में छिपे आतंकी ठिकानों को नेस्तनाबूद कर दिया. इसी मिलिट्री स्ट्राइक को कोडनेम दिया गया था ‘ऑपरेशन सिंदूर’. इसी साहसी मिशन की पूरी दास्तां विवेक अग्निहोत्री बड़े पर्दे पर दिखाने वाले हैं.
विवेक अग्निहोत्री ने क्या कहा?
हाल ही में जब विवेक अग्निहोत्री से इस बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा,
“मैं फिलहाल किसी खास फिल्म का नाम तो नहीं लूंगा, लेकिन हां, मैं एक बहुत बड़े राष्ट्रवादी प्रोजेक्ट पर काम कर रहा हूं. यह मेरे दिल के बहुत करीब है और सही वक्त आने पर मैं खुद इसका ऐलान करूंगा.”
रिपोर्ट्स की मानें तो बॉलीवुड के प्रोड्यूसर भूषण कुमार और उनकी कंपनी टी-सीरीज ने इस फिल्म के लिए विवेक के साथ हाथ मिलाया है. ‘बॉर्डर 2’ की भारी सफलता के बाद टी-सीरीज अब इस मेगा प्रोजेक्ट के जरिए देशभक्ति का एक नया लेवल सेट करने की तैयारी में है.
‘द बंगाल फाइल्स’ के बाद अब क्या?
विवेक अग्निहोत्री की पिछली फिल्म ‘द बंगाल फाइल्स’ सितंबर 2025 में रिलीज हुई थी, जिसने सोशल मीडिया से लेकर बॉक्स ऑफिस तक खूब हलचल मचाई थी. तभी से कयास लगाए जा रहे थे कि विवेक अब किस मुद्दे को उठाएंगे. ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की खबर ने फैंस के बीच एक्साइटमेंट इसलिए भी बढ़ा दी है क्योंकि विवेक का स्टाइल हमेशा से रियल-लाइफ घटनाओं को बिना लाग-लपेट के दिखाने का रहा है.
अगर यह फिल्म बनती है, तो यह देखना रोमांचक होगा कि कैसे भारतीय सेना ने सीमा पार जाकर आतंकियों के लॉन्चपैड्स को तबाह किया और घुसपैठियों को सबक सिखाया है.
यह भी पढ़े: Viral Video: असली सांपों के बीच ‘सांप-सीढ़ी’ खेलता दिखा शख्स, इंटरनेट पर मचा हड़कंप
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


