Bharat Express DD Free Dish

परेश रावल ने अक्षय कुमार पर किया बड़ा खुलासा, ‘Hera Pheri 3’ और ‘OMG 2’ छोड़ने की भी बताई वजह

‘हेरा फेरी 3’ को लेकर चल रहे कानूनी विवाद और ‘OMG 2’ के ओरिजिनल आइडिया पर अभिनेता परेश रावल ने कई हैरान करने वाले खुलासे किए हैं. उन्होंने अक्षय कुमार के साथ अपने रिश्तों और फिल्मों से दूरी बनाने की असली वजह साफ की है.

Paresh Rawal, Akshay Kumar, Hera Pheri 3

Hera Pheri 3 Controversy: बॉलीवुड की सबसे आइकॉनिक कॉमेडी फ्रेंचाइजी ‘हेरा फेरी’ का तीसरा पार्ट लंबे समय से चर्चा में है. यह फिल्म लगातार विवादों और कानूनी पचड़ों में घिरी हुई है. हाल ही में खबर आई थी कि फिल्म में बाबू भैया का किरदार निभाने वाले एक्टर परेश रावल ने इस फिल्म से दूरी बना ली है, जिसके बाद चर्चा तेज हो गई कि शायद अक्षय कुमार के साथ अनबन की वजह से उन्होंने यह फैसला लिया है. लेकिन अब एक्टर ने खुद आगे आकर फिल्म से हटने की असली वजह का खुलासा किया है. साथ ही फिल्म ‘OMG 2’ को लेकर भी उन्होंने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है.

अक्षय कुमार को लेकर कही बात

एक हालिया बातचीत के दौरान परेश रावल ने साफ कहा कि फिल्म छोड़ने के पीछे की वजह कोई पर्सनल लड़ाई या अनबन नहीं थी. उन्होंने कहा, “मैंने यह फैसला फिल्म कॉन्ट्रैक्ट की उलझनों की वजह से लिया था.” एक्टर ने समझाया कि ‘हेरा फेरी’ फ्रेंचाइजी के मालिक फिरोज नाडियाडवाला हैं. नियमों को देखा जाए तो, अगर वह फिल्म साइन करते हैं तो उन्हें फिरोज से मंजूरी लेनी पड़ती.

परेश रावल ने आगे कहा कि वह अभी इस कानूनी प्रक्रिया को समझ ही रहे थे और कोई कमिटमेंट नहीं कर पा रहे थे, तभी अचानक उनके पास एक लीगल नोटिस आया. ऐसे में उन्होंने कानूनी पचड़ों से दूर रहने के लिए खुद को फिल्म से अलग कर लेना ही बेहतर समझा.

क्यों आया था 25 करोड़ का लीगल नोटिस?

इस पूरे विवाद के दौरान अक्षय कुमार के प्रोडक्शन हाउस ‘केप ऑफ गुड फिल्म्स’ ने परेश रावल को 25 करोड़ रुपये का लीगल नोटिस भेजा था. इसके बारे में भी एक्टर ने बात की और कहा, “अक्षय के साथ मेरे रिश्ते हमेशा से बहुत अच्छे रहे हैं. मुझे लगता है कि वह लीगल नोटिस सिर्फ एक इमोशनल रिएक्शन था. अक्षय शायद इस बात से परेशान हो गए होंगे कि उनका इतना पुराना दोस्त फिल्म को ना कैसे कह सकता है. बस इसी उलझन में वह नोटिस आ गया.”

OMG 2 पर किया चौंकाने वाला खुलासा

परेश रावल ने इस दौरान ‘OMG 2’ को लेकर भी एक हैरान कर देने वाली बात बताई. एक्टर ने बताया कि इस फिल्म की मूल कहानी और सेक्स एजुकेशन का आइडिया उनका ही था. उन्होंने इसे निर्देशक अमित राय के साथ मिलकर तैयार किया था और इसमें भगवान का कोई रोल नहीं था.

परेश रावल ने आगे बताया कि इस किरदार के बारे में उन्होंने अजय देवगन और सलमान खान से भी संपर्क किया था, ताकि इस फिल्म को पहले पार्ट का सीक्वल न माना जाए. लेकिन बाद में यह स्क्रिप्ट निर्माता अश्विन वर्दे और निर्देशक के जरिए अक्षय कुमार तक पहुंच गई जिन्होंने कहानी में भगवान का एंगल जोड़कर इसे ‘OMG 2’ का आधिकारिक सीक्वल बना दिया.

एक्टर ने कहा कि इस बदलाव और आइडिया का कोई क्रेडिट न मिलने के कारण उन्होंने फिल्म छोड़ दी और उनकी जगह पंकज त्रिपाठी को कास्ट किया गया.

ये भी पढे़ं- ‘क्या हम तब जागेंगे जब…’ सोनम वांगचुक के लिए ‘दबंग’ गर्ल का फूटा गुस्सा, वीडियो शेयर कर बयां किया बड़ा सच

क्या कभी दोबारा पर्दे पर दिखेंगे ‘बाबू भैया’?

राहत की बात यह है कि अब अक्षय कुमार और परेश रावल के बीच की गलतफहमियां दूर हो चुकी हैं और दोनों में सुलह हो गई है. हालांकि अक्षय कुमार पहले ही साफ कर चुके हैं कि फिलहाल ‘हेरा फेरी 3’ को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है और इस पर काम रोक दिया गया है. लेकिन फैंस के लिए एक उम्मीद की किरण अभी भी बाकी है. परेश रावल ने हिंट दिया है कि अगर भविष्य में इस फिल्म की उलझनें सुलह की तरफ बढ़ती हैं और यह दोबारा फ्लोर पर आती है, तो वह बाबू भैया के किरदार में लौटने पर जरूर विचार करेंगे.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read