Rajinikanth 75th Birthday: दक्षिण भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े स्टार कहे जाने वाले रजनीकांत के लिए 12 दिसंबर का दिन हमेशा खास रहा है. इसी दिन, साल 1950 में बेंगलुरु के एक मराठी परिवार में उनका जन्म हुआ. आज वे 75 साल के हो चुके हैं और पूरे देश-दुनिया में उनके फैंस उन्हें प्यार से ‘थलाइवा’ बुलाते हैं.
मुश्किलों भरी थी शुरुआत
रजनीकांत का फिल्मी सफर आसान नहीं था. एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने से पहले उन्होंने जिंदगी की कई चुनौतियों का सामना किया. अपने शुरुआती दिनों में उन्होंने कुली, बस कंडक्टर और कारपेंटर जैसे काम किए. गरीबी की सच्चाई उन्होंने नजदीक से देखी और झेली.
एक इंटरव्यू में खुद रजनीकांत ने बताया कि एक समय उनकी जिंदगी इतनी मुश्किलों में फँसी थी कि उन्होंने खुद को खत्म करने के बारे में भी सोचा. उन्होंने कहा था, “गरीबी के कारण मैंने कभी ऑफिस बॉय का काम किया, कभी लोगों का सामान ढोया और बाद में बढ़ई की नौकरी करने लगा. उस वक्त मेरे मन में खुद को खत्म करने का खयाल भी आया.”
फिल्मी करियर में मिली सफलता
रजनीकांत ने अपने करियर की शुरुआत निगेटिव रोल से की थी, लेकिन उनकी मेहनत और अनोखी स्टाइल ने उन्हें जल्दी ही साउथ सिनेमा का सुपरस्टार बना दिया. दक्षिण के साथ-साथ उन्होंने हिंदी सिनेमा में भी अपनी छाप छोड़ी और 20 से ज्यादा फिल्मों में काम किया. उनकी पिछली फिल्म ‘कुली’ थी, जो 350 करोड़ रुपये के बजट में बनी और वर्ल्डवाइड 520 करोड़ रुपये की कमाई कर चुकी है.
ये भी पढ़ें- MS Dhoni की पत्नी साक्षी ‘कृष’ के सेट पर क्या कर रही थीं? Hrithik Roshan संग वायरल हुई ये तस्वीर
आने वाली फिल्म ‘जेलर 2’
अब फैंस के लिए एक और बड़ी खुशखबरी है. रजनीकांत की अपकमिंग फिल्म ‘जेलर’ का सीक्वल ‘जेलर 2’ जून 2026 में सिनेमाघरों में दस्तक देगा. इस फिल्म का निर्देशन साउथ के मशहूर फिल्ममेकर नेल्सन ने किया है.
थलाइवा की छाप
आज सिर्फ साउथ इंडस्ट्री ही नहीं पूरे देश के लिए रजनीकांत सिर्फ एक अभिनेता नहीं हैं, बल्कि एक प्रेरणा हैं. एक्टर के संघर्ष और सफलता की कहानी हर कलाकार और फैन के लिए मोटिवेशन है. गरीबी और मुश्किलों को पार कर उन्होंने वो मुकाम हासिल किया, जिसे हर कोई पाने का सपना देखता है. आज भी उनकी जिंदगी और फिल्मों से जुड़े फैसले करोड़ों लोगों के लिए प्रेरक बने हुए हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
– भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


