Peddi Box Office Collection: साउथ सुपरस्टार राम चरण की हालिया रिलीज फिल्म ‘पेद्दी’ दर्शकों के बीच जबरदस्त चर्चा में बनी हुई है. रिलीज के बाद से ही फिल्म बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ बनाए हुए है और वीकेंड के दौरान इसकी कमाई में शानदार बढ़ोतरी देखने को मिली. खास तौर पर रविवार को फिल्म ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अपनी कमाई में अच्छा उछाल दर्ज किया.
ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के चौथे दिन भारतीय बॉक्स ऑफिस पर करीब 31.90 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. इसके साथ ही देशभर में फिल्म की कुल नेट कमाई 157.15 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है. वहीं, ग्रॉस कलेक्शन की बात करें तो भारत में फिल्म ने 187 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार कर लिया है.
विवाद के बीच भी कायम है रफ्तार
फिल्म का निर्देशन बुची बाबू सना ने किया है और इसे एक स्पोर्ट्स ड्रामा के रूप में पेश किया गया है. हालांकि रिलीज के बाद फिल्म को लेकर एक छोटा विवाद भी सामने आया. कुछ दर्शकों ने अभिनेत्री जान्हवी कपूर के किरदार को जिस तरह स्क्रीन पर दिखाया गया, उस पर नाराजगी जताई. बावजूद इसके, इस विवाद का फिल्म की कमाई पर कोई खास असर नजर नहीं आया.
सिनेमा घरों में दर्शकों की अच्छी मौजूदगी के चलते फिल्म लगातार मजबूत आंकड़े दर्ज कर रही है. चौथे दिन देशभर में फिल्म के 9 हजार से ज्यादा शो चले और कमाई में लगभग 10 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी देखने को मिली.
विदेशों में भी मिल रहा शानदार रिस्पॉन्स
सिर्फ भारत ही नहीं, विदेशी बाजारों में भी ‘पेद्दी’ को अच्छा समर्थन मिल रहा है. चौथे दिन फिल्म ने ओवरसीज मार्केट में करीब 4 करोड़ रुपये का कारोबार किया. इसके साथ ही विदेशों से कुल कमाई 46 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है.
अगर दुनिया भर की कुल कमाई को देखा जाए तो फिल्म ने महज चार दिनों में 233.02 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है, जो इसके लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है.
ये भी पढ़ें- ‘पेद्दी’ की शूटिंग में कैमरा एंगल्स को लेकर परेशान थीं जान्हवी कपूर? वायरल चैट्स में हुए चौंकाने वाले दावे
किस भाषा में कितना रहा कलेक्शन?
फिल्म का सबसे मजबूत प्रदर्शन तेलुगु भाषा में देखने को मिला. तेलुगु संस्करण ने चौथे दिन अकेले 27.50 करोड़ रुपये की कमाई की और थिएटरों में शानदार ऑक्यूपेंसी दर्ज की. इसके अलावा हिंदी संस्करण ने भी अच्छा प्रदर्शन करते हुए 3.85 करोड़ रुपये का कारोबार किया. कन्नड़ और तमिल संस्करणों ने लगभग 25-25 लाख रुपये की कमाई की, जबकि मलयालम भाषा में फिल्म ने करीब 5 लाख रुपये का कलेक्शन दर्ज किया.
अब वीकडे की होगी असली परीक्षा
वीकेंड में शानदार कमाई के बाद अब सभी की नजरें आने वाले कार्यदिवसों पर टिकी हैं. आमतौर पर सोमवार से फिल्मों की कमाई में गिरावट देखने को मिलती है. ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि ‘पेद्दी’ सप्ताह के बाकी दिनों में भी अपनी रफ्तार बरकरार रख पाती है या नहीं.
फिलहाल शुरुआती चार दिनों के आंकड़े साफ संकेत दे रहे हैं कि राम चरण की यह फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में सफल रही है और बॉक्स ऑफिस पर इसकी दौड़ अभी जारी रहने वाली है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

