Ramayana Movie First Review: बॉलीवुड की सबसे प्रतीक्षित फिल्मों में से एक ‘रामायण’ की चर्चा जोरों पर है. ‘दंगल’ और ‘छिछोरे’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में देने वाले निर्देशक नितेश तिवारी इस पौराणिक कहानी को बड़े पर्दे पर उतारने में जुटे हैं. फिल्म की रिलीज में अभी समय है, लेकिन इसका पहला रिव्यू सामने आ चुका है.
नितेश तिवारी पहले ही बता चुके हैं कि उनकी महत्वाकांक्षी फिल्म ‘रामायण’ दो भागों में रिलीज होगी. हालांकि, फिल्म का पोस्टर अभी तक जारी नहीं हुआ है, लेकिन WAVES 2025 में इसकी पहली झलक दिखाई गई. अब एक बड़ी हस्ती ने खुलासा किया है कि उन्हें ‘रामायण’ कैसी लगी.
देवेंद्र फडणवीस ने देखी रामायण
यह हस्ती कोई और नहीं, बल्कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस हैं. उनका एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह ‘रामायण’ का पहला रिव्यू साझा करते नजर आ रहे हैं. उन्होंने फिल्म के निर्माता और निर्देशक की जमकर तारीफ की और इसे उच्च गुणवत्ता वाली फिल्म बताया. WAVES समिट 2025 के दौरान देवेंद्र ने फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा से कहा, “जैसा आपने कहा, हम दुनिया के सबसे पुराने कहानीकार हैं.”
रामायण की क्वालिटी पर प्रतिक्रिया
देवेंद्र फडणवीस ने आगे कहा, “हमारी कला, नाटक और संगीत बहुत पुराने हैं. हम इसे नई तकनीक के साथ जोड़ना चाहते थे, और आप यही कर रहे हैं. कल जब मैं प्रधानमंत्री के साथ आपके पवेलियन में गया, तो ‘रामायण’ की क्वालिटी देखकर दंग रह गया. हमें अपनी कहानियों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का यही तरीका अपनाना चाहिए. मुझे यकीन है कि आप जो बना रहे हैं, वह दुनिया में सर्वश्रेष्ठ होगा.”
‘रामायण’ का पहला भाग 2026 की दीवाली और दूसरा भाग 2027 में रिलीज होगा. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं.
ये भी पढ़ें: जो भी पाकिस्तानी नागरिक वीजा लेकर भारत आएगा, वो यहां से वापस भगा दिया जाएगा: केंद्रीय राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

