संसद के 30 नवंबर से शुरू होने जा रहे विशेष सत्र से पहले केंद्र सरकार ने परिसीमन (Delimitation) के मोर्चे पर बड़ा कदम उठाया है. शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में सेवातीर्थ में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में लोकसभा की सीटों में 50 फीसदी की बढ़ोतरी करने वाले संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी गई. करीब एक घंटे चली इस बैठक में तय हुए फॉर्मूले के मुताबिक, देश के सभी राज्यों की मौजूदा लोकसभा सीटों में एक समान 50 प्रतिशत का इजाफा किया जाएगा. खास बात यह है कि सीटों के इस पुनर्गठन के बाद अगले 25 वर्षों यानी साल 2051 तक लोकसभा सीटों की संख्या में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा.
दक्षिणी राज्यों की चिंता दूर करने का फॉर्मूला
इस नए फॉर्मूले की सबसे अहम बात यह है कि इसमें राज्यों के बीच सीटों के मौजूदा अनुपात को पूरी तरह बरकरार रखा जाएगा. दरअसल, लंबे समय से दक्षिण भारत के राज्यों को यह आशंका सता रही थी कि यदि केवल जनसंख्या के आधार पर नया परिसीमन हुआ, तो उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे अधिक आबादी वाले राज्यों की सीटें तेजी से बढ़ जाएंगी और संसद में दक्षिणी राज्यों की हिस्सेदारी घट जाएगी. हर राज्य में समान रूप से 50 फीसदी सीटें बढ़ाने और अनुपात स्थिर रखने के प्रावधान से दक्षिणी राज्यों की इस बड़ी चिंता का समाधान निकलता दिख रहा है.
दो-तिहाई बहुमत जुटाने की कवायद तेज
संसदीय कार्यक्रम के अनुसार, यह विधेयक 30 नवंबर को लोकसभा में और 2 दिसंबर को राज्यसभा में पेश किया जाएगा. इससे पहले शुक्रवार को कैबिनेट बैठक से पूर्व केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने मीडिया से बातचीत करते हुए विपक्षी दलों से सदन की चर्चा में सकारात्मक रूप से भाग लेने की अपील की.
चूंकि यह एक संविधान संशोधन विधेयक है, इसलिए इसे पारित कराने के लिए सरकार को संसद के दोनों सदनों में दो-तिहाई (विशेष) बहुमत की आवश्यकता होगी. इसके लिए सरकार ने रणनीतिक स्तर पर नंबर जुटाने की कवायद तेज कर दी है. सियासी गलियारों में चर्चा है कि सीटों का अनुपात सुरक्षित रहने की शर्त पर DMK, शरद पवार की एनसीपी (NCP-SP) और वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (YSRCP) जैसे विपक्षी दल भी इस विधेयक को सशर्त समर्थन दे सकते हैं.
यह भी पढ़ें: संविधान सिर्फ सरकार चलाने की गाइडबुक नहीं, इसमें हमारी सभ्यता की आत्मा है- अमित शाह
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




