Bharat Express DD Free Dish

बॉलीवुड स्टार रणवीर सिंह को धमकी, व्हाट्सएप वॉइस नोट से मांगे करोड़ों रुपये, जांच में मुंबई पुलिस

अभिनेता रणवीर सिंह को धमकी भरा वॉइस नोट मिला है, जिसमें करोड़ों रुपये की मांग की गई है. मुंबई पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Ranveer Singh

फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग की घटना के बाद बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह को धमकी भरा मैसेज मिला है. यह धमकी व्हाट्सएप वॉइस नोट के जरिए भेजी गई, जिसमें उनसे करोड़ों रुपये की मांग की गई है.

धमकी मिलने के बाद रणवीर सिंह ने तुरंत इसकी जानकारी मुंबई पुलिस को दी. इसके बाद उनके घर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. पुलिस वॉइस नोट भेजने वाले आरोपी की तलाश में जुटी हुई है.

रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई थी फायरिंग

गौरतलब है कि 31 जनवरी की आधी रात रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की गई थी. हमलावरों ने करीब पांच राउंड फायर किए, हालांकि इस घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ. मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच मामले की जांच कर रही है. अब तक इस केस में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. जांच में सामने आया है कि हथियार सप्लाई करने वाला आरोपी आसाराम फासले पिछले चार साल से गैरेज मैकेनिक की आड़ में बिश्नोई गैंग के लिए काम कर रहा था.

फिल्म ‘धुरंधर’ 19 मार्च को होगी रिलीज

रणवीर सिंह इन दिनों अपने प्रोफेशनल फ्रंट को लेकर लगातार चर्चा में बने हुए हैं. हाल ही में वह फिल्म धुरंधर में नजर आए थे, जिसमें उन्होंने हमजा नाम के एक इंडियन स्पाई का किरदार निभाया था. आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार और रिकॉर्डतोड़ कमाई की थी. अब दर्शकों को इसके दूसरे पार्ट का इंतजार है, जो 19 मार्च को रिलीज होने जा रहा है.


ये भी पढ़ें: कानूनी पचड़े में फंसे राजपाल यादव को सोनू सूद ने बढ़ाया मदद का हाथ, अगली फिल्म के लिए दिया साइनिंग अमाउंट


इसके अलावा रणवीर सिंह फिल्म डॉन 3 से बाहर होने को लेकर भी विवादों में हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके अचानक प्रोजेक्ट छोड़ने से फिल्म ठंडे बस्ते में चली गई और स्टूडियो को भारी नुकसान उठाना पड़ा. कहा जा रहा है कि एक्सेल एंटरटेनमेंट ने रणवीर से 40 करोड़ रुपये मुआवजे की मांग की है. हालांकि रणवीर सिंह का दावा है कि वह किसी भी तरह के भुगतान के लिए जिम्मेदार नहीं हैं.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read