Ghaziabad News: गाजियाबाद के वसुंधरा इलाके से रिश्तों को झकझोर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक 42 वर्षीय महिला को अपने ही पति, 16 साल के बेटे और 21 वर्षीय भतीजे को पिछले एक साल से खाने में धीमा जहर देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है.
गाजियाबाद पुलिस ने पति के 5-6 करोड़ रुपए के ट्रैवल बिजनेस और 2 करोड़ रुपए के इंश्योरेंस पर कब्जा करने के इरादे से खाने में लेड (सीसा) मिलाकर जहर देने वाली महिला को दिल्ली से गिरफ्तार किया है. मेडिकल जांच और बेटी के बयान से इस खौफनाक साजिश का पर्दाफाश हुआ, जिसके बाद महिला और उसके चार रिश्तेदारों पर मुकदमा दर्ज किया गया है.
साल भर से खाने में मिला रही थी धीमा जहर
गाजियाबाद के वसुंधरा इलाके में एक 42 वर्षीय महिला को अपने पति, 16 वर्षीय बेटे और 21 वर्षीय भतीजे को पिछले कम से कम एक साल से खाने में लेड (सीसा) मिलाकर धीमा जहर देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने आरोपी महिला के साथ उसके चार रिश्तेदारों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 (हत्या का प्रयास), 123 (जहर के जरिए नुकसान पहुंचाना) और 61(2) (आपराधिक साजिश) के तहत मामला दर्ज किया है. दंपति की शादी को करीब 18 साल हो चुके हैं और उनकी एक 12 साल की बेटी भी है.
करोड़ों के बिजनेस और इंश्योरेंस पर थी नजर
इंदिरापुरम के एसीपी अभय राजेंद्र डागा के अनुसार, 24 सितंबर को पीड़ित पति ने इंदिरापुरम थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद जांच शुरू हुई और 23 नवंबर को महिला को गिरफ्तार कर लिया गया. जांच में सामने आया है कि महिला अपने पति के करीब 5 से 6 करोड़ रुपए के ट्रैवल बिजनेस पर नियंत्रण पाना चाहती थी. इसके अलावा वह करीब 2 करोड़ रुपए की जीवन बीमा राशि (लाइफ इंश्योरेंस) भी हड़पना चाहती थी, जिसमें वह खुद नॉमिनी थी.
ब्लड रिपोर्ट और बेटी के बयान से खुला राज
एफआईआर के मुताबिक, 21 अगस्त 2025 को आई ब्लड सैंपल रिपोर्ट में पति के खून में अत्यधिक मात्रा में लेड पाया गया था. गंभीर हालत में उन्हें एक सुपर-स्पेशलिटी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराना पड़ा, जहां बड़ी मुश्किल से उनकी जान बच सकी. जांच अधिकारी सब-इंस्पेक्टर प्रदीप शर्मा ने बताया कि पति के साथ-साथ बेटे और भतीजे में भी ऐसे ही लक्षण मिले. इसी दौरान 12 वर्षीय बेटी ने पुलिस को बताया कि उसकी मां खाने में किसी चीज का स्प्रे करती थी. पोल खुलने के डर से महिला करीब 3-4 महीने पहले घर छोड़कर पूर्वी दिल्ली के झिलमिल इलाके में अपनी बहन के पास चली गई थी, जहां से पुलिस ने उसे दबोच लिया.
किन लोगों को बनाया निशाना और आगे की जांच
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पति और भतीजा मिलकर ट्रैवल बिजनेस संभालते थे, जबकि बेटे से महिला के संबंध अच्छे नहीं थे, इसलिए इन तीनों को निशाना बनाया गया. वहीं बेटी अधिकतर पास में रहने वाले रिश्तेदारों के घर रहती थी, जिस कारण उस पर ज्यादा असर नहीं पड़ा. महिला रोजाना बेहद कम मात्रा में लेड देती थी ताकि किसी को शक न हो. एसीपी के मुताबिक, इस साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और जहरीले स्प्रे के स्रोत को लेकर पुलिस की जांच जारी है.
यह भी पढ़ें-‘किराए के मकान से अपने पक्के घर तक का सफर…’ वाराणसी के पीएम आवास लाभार्थियों ने पीएम मोदी का जताया आभार
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



