S Hussain Zaidi interview: दिग्गज लेखक और पत्रकार एस. हुसैन जैदी ने एक इंटरव्यू में 90 के दशक के बॉलीवुड में अंडरवर्ल्ड के खौफ और 26/11 मुंबई आतंकी हमले की साजिश पर बड़े खुलासे किए हैं. उन्होंने बताया कि कैसे कास्टिंग तक में डॉन का दखल था और संजय दत्त से लेकर राजीव राय तक को धमकियां मिली थीं.
एस. हुसैन जैदी ने गलट्टा इंडिया को दिए इंटरव्यू में खुलासा किया कि अबू सलेम की धमकियों के कारण डायरेक्टर राजीव राय को ‘प्यार इश्क मोहब्बत’ में मोनिका बेदी को लेना पड़ा और हमले के बाद उन्हें देश छोड़ना पड़ा. इसके अलावा संजय दत्त को भी मोनिका बेदी को न छूने और आंख उठाकर न देखने की धमकी मिली थी. साथ ही जैदी ने 26/11 हमले के पीछे विदेशी पर्यटकों के बीच भारत की छवि असुरक्षित दिखाने की पाकिस्तान की रणनीति का जिक्र किया.
बॉलीवुड में अंडरवर्ल्ड का दबदबा और बड़े खुलासे
एक दौर ऐसा था जब हिंदी फिल्म इंडस्ट्री पर अंडरवर्ल्ड का गहरा दबाव था और बजट, कास्टिंग से लेकर डिस्ट्रीब्यूशन तक में उनका सीधा दखल रहता था. दिग्गज पत्रकार और लेखक एस. हुसैन जैदी ने गलट्टा इंडिया को दिए एक इंटरव्यू में उस दौर की कई अनसुनी कहानियां साझा की हैं. उन्होंने बताया कि किस तरह अंडरवर्ल्ड के खौफ ने बड़े फिल्ममेकर्स और सितारों को प्रभावित किया, साथ ही उन्होंने 26/11 मुंबई आतंकी हमले के पीछे पाकिस्तान की रणनीति पर भी खुलकर बात की.
राजीव राय और मोनिका बेदी से जुड़ा विवाद
अंडरवर्ल्ड के दखल का जिक्र करते हुए हुसैन जैदी ने डायरेक्टर राजीव राय और उनकी फिल्म ‘प्यार इश्क मोहब्बत’ का उदाहरण दिया. जैदी के मुताबिक, राजीव राय इस फिल्म में मोनिका बेदी को कास्ट नहीं करना चाहते थे, लेकिन अबू सलेम की ओर से मिली लगातार धमकियों के दबाव में उन्हें न सिर्फ मोनिका को लेना पड़ा बल्कि उनका रोल भी बढ़ाना पड़ा. जब राजीव राय ने इससे इनकार किया तो उन पर फायरिंग की कोशिश भी हुई, जिसके बाद ‘गुप्त’ और ‘मोहरा’ जैसी फिल्में बनाने वाले डायरेक्टर का फिल्ममेकिंग से मन उठ गया और उन्हें देश छोड़कर जाना पड़ा.
संजय दत्त को मिली थी ‘भाभी’ को न छूने की धमकी
हुसैन जैदी ने संजय दत्त, गोविंदा, मोनिका बेदी और ट्विंकल खन्ना की फिल्म का किस्सा सुनाते हुए बताया कि कास्टिंग तक में अंडरवर्ल्ड की दखलअंदाजी पहुंच चुकी थी. उनके अनुसार, संजय दत्त को साफ धमकी दी गई थी कि मोनिका बेदी उनकी भाभी हैं, इसलिए वह उनकी तरफ आंख उठाकर न देखें, उन्हें न छुएं और डांस भी संभलकर करें. जैदी ने बताया कि संजय दत्त को इस बात की शिकायत भी रही कि गोविंदा को ट्विंकल खन्ना जैसी बड़ी हीरोइन मिली और उन्हें मोनिका बेदी, हालांकि फिल्म की शूटिंग के दौरान संजय ने मोनिका को बहन मानकर ही काम किया.
26/11 हमले के पीछे पाकिस्तान की सोची-समझी रणनीति
26/11 मुंबई हमले पर बात करते हुए हुसैन जैदी ने इसे पाकिस्तान का एक सोचा-समझा हथियार करार दिया. उन्होंने कहा कि आमतौर पर आतंकी हमले भीड़भाड़ वाले बाजार, ट्रेन या बस में होते हैं, लेकिन 26/11 में ताज होटल और ओबेरॉय ट्राइडेंट (हिल्टन) जैसे अंतरराष्ट्रीय होटलों तथा साउथ मुंबई की पहचान मानी जाने वाली जगहों को निशाना बनाया गया. डेविड हेडली की रेकी का मकसद यही था कि विदेशी सैलानियों के बीच भारत को असुरक्षित दिखाया जा सके, हालांकि इस पूरे घटनाक्रम ने पाकिस्तान की मानसिकता को भी दुनिया के सामने उजागर कर दिया.
यह भी पढ़ें-पवन सिंह पर सवाल और अक्षरा सिंह की मुस्कुराहट… जानें क्या बोलीं एक्ट्रेस
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


