सिद्धार्थ मल्होत्रा के फैंस के लिए एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. बॉलीवुड के ‘शेरशाह’ यानी सिद्धार्थ मल्होत्रा के पिता सुनील मल्होत्रा अब हमारे बीच नहीं रहे. एक्टर ने खुद सोशल मीडिया पर एक इमोशनल नोट शेयर कर इस बात की पुष्टि की है. पिता के जाने से सिद्धार्थ पूरी तरह टूट गए हैं और उन्होंने अपने पापा की याद में जो बातें लिखी हैं, उसे पढ़कर किसी की भी आंखें नम हो जाएं.
पिता के संघर्ष और उसूलों को किया याद
सिद्धार्थ मल्होत्रा ने इंस्टाग्राम पर अपने पिता की कुछ पुरानी और अनमोल तस्वीरें साझा की हैं. उन्होंने अपने पिता को एक ऐसा इंसान बताया जो ईमानदारी और ऊंचे संस्कारों की जीती-जागती मिसाल थे. सिद्धार्थ ने लिखा कि उनके पिता ने पूरी जिंदगी अपने उसूलों से कभी समझौता नहीं किया.
View this post on Instagram
सिद्धार्थ ने बेहद भावुक होते हुए बताया कि उनके पिता मर्चेंट नेवी में कैप्टन थे. समुद्र की लहरों पर राज करने वाले उनके पिता ने अपनी बीमारी से भी उसी बहादुरी के साथ जंग लड़ी. अभिनेता ने लिखा, “उन्होंने हमें सिखाया कि अनुशासन के लिए कठोर होना जरूरी नहीं और ताकत दिखाने के लिए अहंकार की जरूरत नहीं होती. स्ट्रोक की वजह से जब वह व्हीलचेयर पर आ गए, तब भी उनकी हिम्मत नहीं टूटी और वह हमेशा पॉजिटिव रहे.”
दिल्ली में हुआ अंतिम संस्कार
जानकारी के मुताबिक, सुनील मल्होत्रा का निधन 14 फरवरी को दिल्ली में हुआ. वह पिछले काफी समय से बीमार चल रहे थे. जैसे ही सिद्धार्थ को पिता के निधन की खबर मिली, वह तुरंत दिल्ली पहुंचे. इस मुश्किल घड़ी में उनकी पत्नी और एक्ट्रेस कियारा आडवाणी भी साये की तरह उनके साथ खड़ी नजर आईं. कियारा भी खबर मिलते ही अपने सारे काम छोड़कर दिल्ली पहुंच गई थीं ताकि वह अपने पति और ससुराल वालों को संभाल सकें.
“पापा, आप मेरी विरासत हैं”
सिद्धार्थ ने अपनी पोस्ट के आखिर में वादा किया कि वह अपने पिता के नाम और उनके संस्कारों को हमेशा जिंदा रखेंगे. उन्होंने लिखा, “पापा, आपकी ईमानदारी ही मेरी असली विरासत है. आज मैं जो कुछ भी हूं, आपकी वजह से हूं. भले ही आप हमें छोड़कर चले गए हों, लेकिन आपके सिखाए रास्ते पर मैं ताउम्र चलता रहूंगा.”
ये भी पढ़ें: क्या हुआ है सलीम खान को? सलमान खान पहुंचे अस्पताल, ICU में शिफ्ट, परिवार चुप
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




