Bharat Express DD Free Dish

बॉक्स ऑफिस पर सनी पाजी का ‘गदर’, एडवांस बुकिंग में ‘बॉर्डर 2’ ने गाड़े झंडे, तोड़ डाले कई बड़े रिकॉर्ड

सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ का क्रेज फैंस के सिर चढ़कर बोल रहा है. फिल्म ने एडवांस बुकिंग में 12.5 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है. रिपब्लिक डे वीकेंड का फायदा और जबरदस्त स्टार कास्ट के दम पर यह फिल्म 2026 की सबसे बड़ी फिल्म बनने की रेस में है.

Border 2, Sunny Deol, Box Office Collection, Border 2 Advance Booking

Border 2 Advance Booking: सनी देओल के ‘ढाई किलो के हाथ’ का जादू एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर सिर चढ़कर बोल रहा है. 23 जनवरी, यानी आज जब ‘बॉर्डर 2’ सिनेमाघरों में उतरी है, तो थिएटर्स के बाहर का माहौल बता रहा है कि देश में देशभक्ति का ज्वार एक बार फिर लौट आया है. फिल्म की एडवांस बुकिंग ने रिलीज से ठीक पहले जो रफ्तार पकड़ी, उसने बड़े-बड़े ट्रेड पंडितों को हैरान कर दिया है.

गुरुवार को दिखी असली ‘रफ्तार’

फिल्म के लिए असल हलचल गुरुवार सुबह से शुरू हुई. बुकमायशो जैसे प्लेटफॉर्म्स पर सुबह जहां हर घंटे करीब 4 हजार टिकटें बिक रही थीं, वहीं शाम होते-होते यह आंकड़ा 10 हजार टिकट प्रति घंटा पार कर गया. आलम यह था कि महज 12 घंटों के भीतर फिल्म की एडवांस बुकिंग का कलेक्शन 6 करोड़ से उछलकर सीधे 12 करोड़ के पार पहुंच गया.

ट्रेड एनालिस्ट्स और ‘सैकनिल्क’ के मुताबिक, फिल्म ने ओपनिंग डे के लिए करीब 12.5 करोड़ रुपये की ग्रॉस एडवांस बुकिंग कर ली है. इसमें आईमैक्स और 4DX जैसे प्रीमियम फॉर्मेट्स का भी बड़ा हाथ है.

सनी देओल ने खुद के ही पुराने रिकॉर्ड्स को दी टक्कर

‘बॉर्डर 2’ की इस सुनामी ने सनी देओल की पिछली रिलीज ‘जाट’ के रिकॉर्ड को तो चुटकियों में पीछे छोड़ दिया. जहां ‘जाट’ की एडवांस बुकिंग 2.4 करोड़ थी, वहीं ‘बॉर्डर 2’ उससे कहीं आगे निकल गई है. इतना ही नहीं, फिल्म ने रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ (9 करोड़) को भी पछाड़ दिया है. हालांकि, सनी पाजी अपनी फिल्म ‘गदर 2’ का ऑल-टाइम रिकॉर्ड (17.50 करोड़) नहीं तोड़ पाए, लेकिन जिस तरह का रिस्पॉन्स मिल रहा है, उसे देखकर लगता है कि फिल्म वीकेंड पर सारे हिसाब बराबर कर देगी.

ये भी पढ़ें- ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ के 11 साल; सरकारी संकल्प और बॉलीवुड के ‘महिला अवतार’ ने कैसे बदली समाज की सोच?

रिपब्लिक डे का ‘डबल धमाका’

अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म की सबसे बड़ी ताकत इसकी कास्टिंग है. सनी देओल के साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी की मौजूदगी ने युवाओं को भी थिएटर्स तक खींच लिया है. फिल्म को रिपब्लिक डे के लॉन्ग वीकेंड का भरपूर फायदा मिलने की उम्मीद है.

भूषण कुमार और जेपी दत्ता द्वारा प्रोड्यूस की गई यह फिल्म 1997 की कल्ट क्लासिक ‘बॉर्डर’ की यादें ताजा कर रही है. फिल्म के गाने और डायलॉग्स पहले ही सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं. ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर फिल्म को पॉजिटिव ‘वर्ड ऑफ माउथ’ मिला, तो यह फिल्म साल 2026 की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर साबित हो सकती है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read