Tanushree Dutta Exposes Bollywood: बॉलीवुड में अपनी पहली ही फिल्म ‘आशिक बनाया आपने’ से रातों-रात स्टार बनीं तनुश्री दत्ता इन दिनों भले ही बड़े पर्दे से गायब हों, लेकिन उनकी बेबाकी आज भी बरकरार है. पूर्व मिस इंडिया यूनिवर्स रह चुकीं तनुश्री ने एक बार फिर फिल्म इंडस्ट्री के उस अंधेरे चेहरे से नकाब हटाया है, जिसकी चर्चा बंद कमरों में तो होती है, लेकिन कैमरे के सामने आने से हर कोई डरता है.
तनुश्री दत्ता ने हाल ही में एक पॉडकास्ट को दिए इंटरव्यू में फिल्म जगत के काले सच पर खुलकर बात की. उन्होंने बताया कि किस तरह छोटे शहरों से आने वाले मासूम लड़के-लड़कियों को बड़े-बड़े सपने दिखाकर फंसाया जाता है. उनके मुताबिक, न्यूकमर्स को शुरुआत में बहुत ज्यादा तारीफों के लालच में रखा जाता है. कोई उन्हें कहता है कि ‘आप तो हीरोइन बनोगी’ तो कोई उनके लुक और टैलेंट के कसीदे पढ़ता है. तनुश्री कहती हैं कि यह मीठी-मीठी बातें दरअसल एक जाल होती हैं, जिसमें फंसने के बाद इन युवाओं का शोषण शुरू होता है.
सफलता के पीछे का डरावना सच
एक्ट्रेस ने दिल दहला देने वाला खुलासा करते हुए कहा कि इंडस्ट्री में सिर्फ उन्हीं लोगों की कहानी सामने आती है जो सफल हो जाते हैं. लेकिन उन हजारों लोगों का क्या, जो बुरी तरह टूटकर यहां से जाते हैं?
तनुश्री के मुताबिक, कई लड़के-लड़कियां इस कदर शोषण का शिकार होते हैं कि उनका मानसिक संतुलन बिगड़ जाता है. उन्होंने दावा किया कि कुछ लोग तो इस दलदल में इतना गहरे धंस जाते हैं कि उन्हें देह व्यापार जैसे धंधों में धकेल दिया जाता है.
तनुश्री ने बड़े ही दर्द के साथ कहा, “अगर मेरी इन बातों से चार लोगों की जिंदगी भी बच जाए, तो मेरा बोलना सफल होगा. बहुत से लोग डैमेज होकर वापस अपने शहर लौट जाते हैं, लेकिन उनकी सुध लेने वाला कोई नहीं होता.”
ये भी पढ़ें- 64 साल के हो चुके, लेकिन दिखते हैं 44 के…जानिए सुनील शेट्टी ने बॉडी को कैसे मेंटेन किया, खुद बताईं ये 3 बातें
आध्यात्म की ओर बढ़ा झुकाव
आपको याद दिला दें कि साल 2018 में भारत में #MeToo आंदोलन की शुरुआत करने वाली भी तनुश्री दत्ता ही थीं. उन्होंने उस वक्त इंडस्ट्री के बड़े नामों के खिलाफ आवाज उठाई थी. फिलहाल तनुश्री चकाचौंध से दूर एकांत और आध्यात्मिक जीवन बिता रही हैं, लेकिन उनका यह ताजा बयान एक बार फिर ग्लैमर की दुनिया के पीछे छिपे दर्द और धोखे को उजागर कर रहा है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
