Bharat Express DD Free Dish

IND-PAK Ceasefire: भारत-पाक सीजफायर पर ट्रोल हुए विक्रम मिस्री, समर्थन में उतरे ये सितारे, दिया मुंहतोड़ जवाब

IND-PAK Ceasefire: भारत-पाक संघर्ष विराम के बाद विदेश सचिव विक्रम मिस्री ट्रोलिंग का शिकार हुए. इसको लेकर पुलकित सम्राट, सोन्या अयोध्या समेत कई हस्तियों ने ट्रोलर्स को लताड़ा और विक्रम मिस्री का समर्थन किया.

IND-PAK Ceasefire

भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव के बाद 10 मई को संघर्ष विराम की घोषणा करने के बाद से विदेश सचिव विक्रम मिस्री ट्रोलर्स के निशाने पर आ गए हैं. राजनीतिक जगत की हस्तियों के साथ ही फिल्म इंडस्ट्री के सितारे भी उनके समर्थन में नजर आए है. अभिनेता पुलकित सम्राट ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर ट्रोलर्स को जमकर लताड़ लगाई.

सोशल मीडिया पर ट्रोल हुए विक्रम मिस्री (IND-PAK Ceasefire)

इंस्टाग्राम पर पुलकित सम्राट ने एक अंग्रेजी समाचार पत्र की कटिंग को शेयर किया, जिसमें लिखा है, “सरकार की ओर से भारत-पाक युद्ध विराम की घोषणा करने के बाद से विदेश सचिव विक्रम मिस्री सोशल मीडिया पर खूब ट्रोल हुए. विदेश सचिव की बेटी को भी अपमानजनक टिप्पणियों का सामना करना पड़ा. इसके बाद उन्हें अपने एक्स अकाउंट को प्राइवेट करना पड़ा.”

पुलकित सम्राट ने किया समर्थन

सोशल मीडिया पर बढ़ते ट्रोलिंग को देखते हुए मिस्री के समर्थन में सामने आए पुलकित सम्राट ने इस खबर पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे ‘शर्मनाक’ बताया. पुलकित ने लिखा, “एक ऐसे भारतीय को गाली देना शर्मनाक है, जिसने कई वर्षों तक देश की सेवा की है और अभी भी कर रहा है!” अभिनेता का मानना है कि उन्हें खरी-खोटी सुनाने वालों को आत्मविश्लेषण करने या अपने अंदर झांकने की जरूरत है. उन्होंने आगे लिखा, “हम सभी को रुककर अपने अंदर गहराई से देखने की जरूरत है! आइए सब एक इंसान बनें, एक सच्चे भारतीय बनें.”

ये भी पढ़ें: Bollywood News: कश्मीर में बर्फीले मौसम में क्या हुआ था निम्रत कौर के पिता के साथ? जानिए एक दर्दनाक कहानी!

सोन्या अयोध्या ने भी ट्रोलर्स को लगाई फटकार  (IND-PAK Ceasefire)

‘कसौटी जिंदगी की’ फेम सोन्या अयोध्या ने भी ट्रोलर्स को फटकार लगाई. उन्होंने इंस्टाग्राम के स्टोरीज सेक्शन पर शेयर किए पोस्ट में लिखा, “ट्रोल्स देशभक्त नहीं होते, अपनी व्यक्तिगत कुंठा को देशभक्ति न समझें.”

आईएएस एसोसिएशन की भी प्रतिक्रिया आई सामने

विदेश सचिव विक्रम मिस्री ट्रोलिंग मामले में आईएएस एसोसिएशन की भी प्रतिक्रिया सामने आई. एसोसिएशन ने कहा, “ईमानदारी से अपना कर्तव्य निभाने वाले सिविल सेवकों पर अनुचित व्यक्तिगत हमलों की हम निंदा करते हैं.”

बचाव में उतरे असदुद्दीन ओवैसी और अखिलेश यादव

एक्टर्स के साथ ही राजनीतिक हस्तियां भी विक्रम मिस्री के समर्थन में दिखाई दीं. समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने भी उनके समर्थन में पोस्ट किया और कहा कि किसी राजनयिक को राजनीतिक फैसलों के लिए उन्हें दोषी ठहराना गलत है.

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read