Bharat Express DD Free Dish

BRICS 2026 में पुतिन-जिनपिंग की कुकिंग? वायरल Video का सच कुछ और ही निकला

Fact Check: सोशल मीडिया पर पुतिन और शी चिनफिंग का कुकिंग वीडियो BRICS 2026 से जोड़कर हुआ वायरल, भारत एक्सप्रेस की पड़ताल में क्या निकला?

Putin and Jinping cooking something up for BRICS 2026?

BRICS 2026 में पुतिन-जिनपिंग की कुकिंग?

Fact Check: दिल्ली के भारत मंडपम में 12-13 सितंबर 2026 को आयोजित BRICS समिट खत्म होने के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से फैलने लगा. इसमें रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग को साथ में खाना बनाते हुए दिखाया गया. दावा किया गया कि यह नजारा BRICS 2026 के दौरान भारत में देखने को मिला.

क्या है वायरल वीडियो की हकीकत?

भारत एक्सप्रेस न्यूज की पड़ताल में सामने आया कि यह वीडियो मौजूदा BRICS सम्मेलन का नहीं है. दरअसल, यह फुटेज करीब आठ साल पुराना है. साल 2018 में रूस के व्लादिवोस्तोक में हुए ईस्टर्न इकोनॉमिक फोरम के दौरान दोनों नेताओं ने मिलकर पैनकेक बनाए थे. उसी पुराने वीडियो को अब गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है.

फेसबुक पर फैला भ्रम

13 सितंबर 2026 को एक फेसबुक यूजर ने यह वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि पुतिन और शी चिनफिंग ने भारत में BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान साथ खाना पकाया और खाया. इस पोस्ट को लाखों लोगों ने देखा और शेयर किया.

कैसे हुई पड़ताल?

वीडियो की सच्चाई जानने के लिए इनविड टूल से कई कीफ्रेम निकाले गए और गूगल रिवर्स इमेज सर्च किया गया. जांच में यह वीडियो चीन के एक यूट्यूब चैनल पर मिला, जिसे 13 सितंबर 2018 को अपलोड किया गया था. वहां साफ लिखा था कि यह रूस के ईस्टर्न इकोनॉमिक फोरम का हिस्सा है.

मीडिया रिपोर्ट्स से हुई पुष्टि

गूगल पर कीवर्ड सर्च करने पर एक रिपोर्ट मिली, जो 12 सितंबर 2018 को प्रकाशित हुई थी. इसमें बताया गया कि व्लादिवोस्तोक में आयोजित इकोनॉमिक फोरम में शी चिनफिंग और पुतिन ने मिलकर पारंपरिक रूसी पैनकेक ‘ब्लिनी’ बनाए. यह दूसरी बार था जब दोनों नेताओं ने साथ कुकिंग की. इससे पहले वे चीन में डंपलिंग बना चुके थे.

चौथी बार भारत ने की मेजबानी

नई दिल्ली में हुए 18वें BRICS शिखर सम्मेलन में कई बड़े देशों के नेता शामिल हुए. यह चौथी बार था जब भारत ने BRICS की मेजबानी की. समापन सत्र में घोषणा हुई कि अगला यानी 19वां BRICS सम्मेलन चीन में होगा.

PIB ने अपने प्रेस रिलीज में क्या कहा?

PIB की प्रेस रिलीज के अनुसार, BRICS India 2026 की ‘नई दिल्ली घोषणा’ में वैश्विक दक्षिण की आवाज को मजबूत करने, संयुक्त राष्ट्र में सुधार, आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख और आर्थिक सहयोग को आसान बनाने पर जोर दिया गया. साथ ही संवाद और कूटनीति के जरिए शांति कायम रखने की बात कही गई.

ये भी पढ़ें-Fact Check: क्या सच में सरकारी दफ्तर में झाड़ू लगा रही हैं गोल्ड मेडलिस्ट सुनीता उरांव? जानें वायरल वीडियो का पूरा सच

भारत एक्सप्रेस न्यूज की जांच में साफ हुआ कि पुतिन और शी चिनफिंग का वायरल कुकिंग वीडियो BRICS 2026 का नहीं बल्कि 2018 के ईस्टर्न इकोनॉमिक फोरम का है. पुराने वीडियो को नए सम्मेलन से जोड़कर गलत दावे के साथ फैलाया जा रहा है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read