Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

यूपी पुलिस एसआई भर्ती 2026 का लेटर हुआ वायरल, 3,212 पदों के दावे पर भर्ती बोर्ड ने दी बड़ी चेतावनी

उत्तर प्रदेश पुलिस में सब-इंस्पेक्टर (SI) के 3,212 पदों के अधियाचन से जुड़ा वायरल लेटर पूरी तरह फर्जी निकला है. UPPBPB ने इसका खंडन करते हुए अभ्यर्थियों को अफवाहों से बचने और केवल uppbpb.gov.in पर भरोसा करने की सलाह दी है.

UP Police SI Vacancy 2026 Viral Letter Of 3212 Posts Fake UPPBPB Issues Warning

उत्तर प्रदेश पुलिस में सब-इंस्पेक्टर (SI) बनने का सपना देख रहे लाखों युवाओं के लिए एक अहम अलर्ट सामने आया है. सोशल मीडिया पर इन दिनों एक पत्र तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए नागरिक पुलिस में पुरुष और महिला सब-इंस्पेक्टर के कुल 3,212 पदों का अधियाचन भेजने का दावा किया गया था. लेकिन इस वायरल पत्र की हकीकत पूरी तरह झूठी निकली है. उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती और प्रोन्नति बोर्ड (UPPBPB) ने आधिकारिक तौर पर इस लेटर का खंडन करते हुए इसे फर्जी और मनगढ़ंत बताया है.

क्या था वायरल लेटर में और बोर्ड ने क्या कहा?

सोशल मीडिया और विभिन्न ग्रुप्स में घूम रहे इस संदिग्ध पत्र में 3,212 पदों का कैटेगरी-वाइज ब्योरा दिखाते हुए भर्ती से जुड़ी अधियाचन प्रक्रिया शुरू होने की बात कही गई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए भर्ती बोर्ड ने अपने आधिकारिक एक्स (X) हैंडल के जरिए स्थिति साफ की है. बोर्ड के परीक्षा नियंत्रक की ओर से जारी स्पष्टीकरण में कहा गया है कि वायरल हो रहा पत्र भ्रामक, मनगढ़ंत और पूरी तरह असत्य है.

भर्ती बोर्ड ने अभ्यर्थियों को स्पष्ट किया है कि किसी भी भर्ती से जुड़ी सही और पुष्ट जानकारी के लिए वे केवल आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in और बोर्ड के अधिकृत सोशल मीडिया हैंडल पर ही भरोसा करें.

तैयारी पर रखें पूरा फोकस

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए ऐसे फर्जी नोटिस और वायरल दावे अक्सर भ्रम और तनाव पैदा करते हैं. टेलीग्राम चैनलों, व्हाट्सएप ग्रुप्स या अनजान सोशल मीडिया अकाउंट्स पर आने वाले किसी भी पीडीएफ या पत्र पर आंख मूंदकर यकीन न करें. कई बार फर्जी सूचनाओं के साथ संदिग्ध लिंक भी साझा किए जाते हैं, इसलिए अपनी निजी जानकारी और आवेदन से जुड़े विवरण को लेकर भी सतर्क रहें.

अभ्यर्थियों के लिए सबसे बेहतर यही है कि वे वायरल खबरों के पीछे भागने के बजाय अपने सिलेबस, सामान्य ज्ञान, संविधान/मूल विधि, रीजनिंग और संख्यात्मक योग्यता की नियमित तैयारी जारी रखें और ताजा अपडेट के लिए आधिकारिक वेबसाइट को ही जांचें.

यह भी पढ़ें: क्या बिल और चिकन के विवाद पर RSS कार्यकर्ताओं ने बंगाल के रेस्तरां में की तो़डफोड़? जानिए वायरल वीडियो का सच

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism