Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

यात्रियों की सुरक्षा में सरकार ने उठाया बड़ा कदम, विमानन कंपनियों से कहा- 3 घंटे से अधिक देरी वाली फ्लाइट करें रद्द

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एयरलाइनों को निर्देश दिया है कि वे यात्रियों को किसी भी तरह की देरी की सूचना तुरंत दें और तीन घंटे से अधिक देरी वाली उड़ानों को रद्द करें, ताकि यात्रियों को असुविधा न हो.

Low Visibility

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एयरलाइनों को निर्देश दिया है कि वे यात्रियों को किसी भी तरह की देरी की सूचना तुरंत दें और तीन घंटे से अधिक देरी वाली उड़ानों को रद्द करें, ताकि यात्रियों को असुविधा न हो. मंत्रालय का कहना है कि सर्दी बढ़ने के साथ घने कोहरे के कारण उड़ान बाधित होने की आशंका रहती है.

नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू की अध्यक्षता में कोहरे की तैयारियों पर समीक्षा बैठक के बाद दिशा-निर्देश जारी किए गए. केंद्रीय मंत्री ने सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ‘उड़ान की सुगमता’ के दृष्टिकोण के साथ यात्री-प्रथम दृष्टिकोण पर जोर दिया. एयरलाइनों को यह भी कहा गया है कि वे दिल्ली जैसे हवाई अड्डों पर परिचालन के लिए कैट II/III अनुरूप विमान और प्रशिक्षित पायलटों का उपयोग करें, जहां सर्दियों के दौरान, विशेष रूप से दिसंबर में विजिबिलिटी कम होने की संभावना होती है.

टिकट बुक करते समय डालें कॉन्टैक्ट डिटेल्स

एयरलाइनों को असुविधा को कम करने के लिए पूरी तरह से स्टाफ वाले चेक-इन काउंटर बनाए रखने और संचार की सुविधा के लिए टिकट बुक करते समय यात्रियों की कॉन्टैक्ट डिटेल्स दर्ज करने का भी निर्देश दिया गया है. दिल्ली एयरपोर्ट ऑपरेटर डीआईएएल को विजिबिलिटी कंडीशन पर रियल टाइम अपडेट के लिए एलईडी स्क्रीन लगाने और लो-विजिबिलिटी की स्थिति में विमानों के मार्गदर्शन के लिए ‘फॉलो मी’ व्हीकल्स की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया गया है.

100 से अधिक उड़ानों में हुई देरी

इस सप्ताह धुंध ने पहले ही फ्लाइट शेड्यूल को प्रभावित कर दिया है क्योंकि राष्ट्रीय राजधानी में लो विजिबिलिटी के कारण 100 से अधिक उड़ानें देर हुई और 15 को डायवर्ट किया गया. नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने व्यवधानों को कम से कम करने के लिए एयरलाइनों, एयर ट्रैफिक कंट्रोलर और ग्राउंड हैंडलर के बीच रियल टाइम कॉर्डिनेशन बढ़ाने को जरूरी बताया.

उच्च स्तरीय बैठक का हुआ था आयोजन

नागरिक उड्डयन मंत्री की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय बैठक में मंत्रालय, नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए), नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग, दिल्ली हवाई अड्डे के संचालक और इंडिगो, एयर इंडिया, स्पाइसजेट और अकासा जैसी वाणिज्यिक एयरलाइनों के प्रतिनिधियों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे.

लो विजिविलिटी के लिए निकाले गए कई उपाय

दिल्ली हवाई अड्डे के अधिकारियों ने कहा कि लो विजिबिलिटी की चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए कई उपाय लागू किए जा रहे हैं. दिल्ली हवाई अड्डे के चार में से तीन रनवे पर कैट III इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (आईएलएस) लगे हैं, जिससे घने कोहरे में भी विजिबिलिटी कम होने पर परिचालन संभव हो पाता है.

ये भी पढ़ें- Booking.com की मूल कंपनी के कार्यकारी उपाध्यक्ष ने कहा, भारत वैश्विक स्तर पर प्राथमिकता वाले शीर्ष पांच देशों में शामिल

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital