Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

कर्नाटका में गणेश विसर्जन हिंसा में 21 आरोपी गिरफ्तार, गृह मंत्री जी परमेश्वर ने कहा- “हम पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर रहे, सब कंट्रोल में”

हिंसा के बाद मंगलवार सुबह तक निषेधाज्ञा लागू कर दी गई. कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने सोमवार को कहा कि मद्दुर शहर में सब कुछ नियंत्रण में है.

KARNATAKA

Karnataka Ganesh Immersion: कर्नाटक में मांड्या जिले के मद्दुर शहर में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान दो गुटों में झड़प के बाद इलाके में तनाव फैल गया. हिंसा के बाद मंगलवार सुबह तक निषेधाज्ञा लागू कर दी गई. कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने सोमवार को कहा कि मद्दुर शहर में सब कुछ नियंत्रण में है.

सोमवार को बेंगलुरु में पत्रकारों से बात करते हुए गृहमंत्री परमेश्वर ने कहा: “हंगामा करने वालों को गिरफ्तार कर लिया गया है और स्थिति नियंत्रण में है. हिंसा के बाद गणेश विसर्जन कार्यक्रम भी जारी रहा. झंडा लाने की कोशिश में चाकू मारने और एक अन्य मामले में जुलूस के दौरान बच्चों के थूकने समेत राज्यभर में छोटी-मोटी घटनाएं सामने आई हैं, लेकिन सब कुछ नियंत्रण में है.”

हम पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर रहे हैं

कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने कहा कि पूरे राज्य में हर साल लाखों गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन बिना किसी अप्रिय घटना के किया जाता है. हमें लगा था कि इस साल स्थिति को अच्छी तरह से संभाला जा रहा है, लेकिन मद्दुर शहर से हिंसा की यह घटना सामने आई है. उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील की. गृह मंत्री ने यह भी कहा, “हम पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर रहे हैं.

कृषि मंत्री एन. चेलुवरायस्वामी ने कहा, “एफआईआर दर्ज होने के तुरंत बाद 21 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. दो-तीन लोग बाहरी हैं, लेकिन उनकी पहचान अभी तक नहीं हुई है.”

श्रम मंत्री संतोष लाड ने कहा, “जब भी ऐसी परिस्थितियां आती हैं, कोई भी सरकार कार्रवाई करती है. राज्य में भाजपा जो कर रही है, वह राजनीतिक लाभ के लिए है और यह स्पष्ट है कि उसने इस मुद्दे को क्यों चुना है. हम इस पर और कोई टिप्पणी नहीं करेंगे. सरकार को अपना काम करने दीजिए. दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.”

इस तरह की ये घटनाएं होती रहती हैं

गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान हमलों में वृद्धि के भाजपा के दावे के बारे में पूछे जाने पर संतोष लाड ने सवाल किया, क्या आपका मतलब है कि सरकार उन्हें उकसा रही है? सत्ता में कोई भी पार्टी हो, इस तरह की ये घटनाएं होती रहती हैं. दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी.”

कर्नाटक के मंत्री ने कहा, “कांग्रेस के 70 साल के शासन में ऐसी घटनाएं नहीं हुईं. भाजपा अधिकांश राज्यों में सत्ता में है. अगर उनके शासन में हिंदू संस्कृति पर हमला होता है तो वे जवाबदेह हैं.” उन्होंने कहा, “मैं केंद्रीय मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी से अपील करता हूं कि जब सांप्रदायिक हिंसा की घटनाएं हों तो जनता के व्यापक हित में बोलें.”


ये भी पढ़ें: Nepal Protest: अब तक 16 लोगों की मौत, सरकार ने सेना उतारी, आखिर क्यों शुरू हुआ प्रोटेस्ट… नेपाल के Gen Z युवाओं की क्या है मांग?


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital