Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

बिहार: स्कूल में छात्र पर गोली चलाने वाले 5 साल के बच्चे को पुलिस ने बनाया आरोपी, स्कूल डायरेक्टर गिरफ्तार

बिहार के सुपौल जिले का मामला. जिले के त्रिवेणीगंज स्थित एक निजी स्कूल में तीसरी कक्षा में पढ़ने वाले एक बच्चे ने अपने साथी छात्र को गोली मारकर बुरी तरह घायल कर दिया था.

(प्रतीकात्मक तस्वीर: Pixabay)

बिहार के सुपौल जिले में बुधवार (31 जुलाई) को एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई थी. एक प्राइवेट स्कूल में कक्षा 3 में पढ़ने वाले 5 साल के बच्चे ने अपने एक सहपाठी पर गोली चला दी, जिससे वह छात्र बुरी तरह घायल हो गया है.

मीडिया में आईं खबरों के अनुसार, ये घटना सुपौल के त्रिवेणीगंज के वार्ड नंबर 16 स्थित प्राइवेट स्कूल में हुई. गोली छात्र की बायीं हथेली को चीरते हुए बाहर निकल गई. घटना के बाद पुलिस ने स्कूल के डायरेक्टर को गिरफ्तार कर लिया है.

पीड़ित के परिजनों ने हंगामा किया

गोली चलने की घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था. आननफानन गोली लगने से गंभीर रूप से घायल तीसरी कक्षा के छात्र मोहम्मद आसिफ को अस्पताल में भर्ती कराया गया. घटना की जानकारी के बाद पीड़ित के परिजनों सहित आसपास के ग्रामीण भारी संख्या में स्कूल पहुंचकर हंगामा करने लगे. उन्होंने हाईवे भी जाम करने की कोशिश की. घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची त्रिवेणीगंज पुलिस ने समझा बुझाकर लोगों को शांत कराया.

आरोपी बेटे को लेकर पिता फरार

बताया जा रहा है कि स्कूल में असेंबली के वक्त ये घटना हुई. आरोपी बच्चा अपने बैग में बंदूक छिपाकर स्कूल पहुंचा था. जब घटना की जानकारी आरोपी बच्चे के पिता को हुई तो वह स्कूल पहुंचे और बेटे को लेकर फरार हो गए. पिता की पहचान बघला गांव के मुकेश कुमार के रूप में हुई है.

घायल छात्र के पिता ने दर्ज कराई शिकायत

घटना के बाद घायल छात्र के पिता मोहम्मद दिलशेर ने अपनी शिकायत में गोली चलाने वाले बच्चे, उसके पिता मुकेश कुमार और स्कूल के डायरेक्टर संतोष झा को आरोपी बनाया है. पुलिस ने बताया कि संतोष झा को गिरफ्तार कर लिया गया है और मुकेश की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. पुलिस के अनुसार, इस जानलेवा हमले का मकसद पता नहीं चल पाया है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital