Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

वाराणसी में शुरू हुई 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप, PM मोदी की स्पीच सुनकर खुश हुए खिलाड़ी, जानें क्या कहा

वाराणसी में आयोजित 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअली किया. उद्घाटन समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहे.

Vijay Ram Edited by Vijay Ram

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी में 4 से 11 जनवरी तक आयोजित होने वाले 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप का वर्चुअली उद्घाटन किया. प्रधानमंत्री ने चैंपियनशिप में हिस्सा लेने आए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी. इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक उपस्थित रहे.

प्रधानमंत्री ने उद्घाटन करते हुए खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया और खेल के क्षेत्र में सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों के बारे में बताया.

पीएम ने कहा, “हम स्कूल लेवल पर एथलीट्स को ओलंपिक खेल का एक्सपोजर देने के लिए भी काम कर रहे हैं. खेलो इंडिया पहल की वजह से सैकड़ों युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का मौका मिला है. कुछ दिन पहले, सांसद खेल महोत्सव खत्म हुआ. इसमें भी करीब एक करोड़ युवाओं ने अपनी प्रतिभा दिखाई. सरकार ने खेल क्षेत्र में बड़े सुधार किए हैं. नेशनल स्पोर्ट्स गवर्नेंस एक्ट और खेलो भारत नीति 2025 के जरिए, सही टैलेंट को मौके मिलेंगे और खेल संस्थानों में ज्यादा ट्रांसपेरेंसी पक्की होगी. टॉप्स जैसी पहल भारत में एक मजबूत और सस्टेनेबल स्पोर्ट्स इकोसिस्टम बनाने में मदद कर रही हैं. एक समय था जब सरकार और समाज दोनों ही खेल के प्रति बेपरवाही दिखाते थे. एथलीट्स भी अपने भविष्य को लेकर परेशान रहते थे.”

उन्होंने कहा, “बीते दशक में कई शहरों में फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी विश्व कप, चेस से जुड़े बड़े इवेंट्स सहित 20 से अधिक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय इवेंट आयोजित किए गए हैं. भारत पूरी मजबूती से 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भी प्रयास कर रहा है.”

प्रधानमंत्री का भाषण सुनकर वॉलीबॉल खिलाड़ी काफी खुश नजर आए.

आकाश कुमार गौतम ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि यहां पहली बार वॉलीबॉल चैंपियनशिप का आयोजन हो रहा है. बहुत सी अच्छी चीजें हुई हैं. इस आयोजन के बाद और भी राष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजन होंगे जिसमें खिलाड़ियों को मौका मिलेगा. असम के स्वप्न हजारिका ने कहा, काशी के बारे में प्रधानमंत्री ने जो भी कहा वो काफी अच्छा था. प्रधानमंत्री खेल को बढ़ावा देने में बड़ी भूमिका निभा रहे हैं.

रुतिका ने कहा, “प्रधानमंत्री ने कहा कि खेल का भविष्य बहुत अच्छा है. उन्होंने हम सभी को प्रोत्साहित किया. प्रधानमंत्री खेल क्षेत्र का एक तरह से नेतृत्व कर रहे हैं. आगे बढ़कर इस क्षेत्र की बेहतरी के लिए कार्य कर रहे हैं. यह देखकर गर्व होता है.”

पीएम मोदी ने खिलाड़ियों को किया प्रोत्साहित

उत्कर्ष शर्मा ने कहा, “प्रधानमंत्री खेल क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रहे हैं. इसका फायदा खिलाड़ियों को मिल रहा है. खिलाड़ी अलग-अलग प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर पा रहे हैं. खिलाड़ियों को मौका मिलता रहेगा तो वे देश का नाम निश्चित रूप से रोशन करेंगे.” कोहिना गोयल ने कहा, “प्रधानमंत्री ने हमें खेलने के लिए प्रोत्साहित किया और हमारे भविष्य की बात की. ये मुझे काफी अच्छा लगा. सरकार ने खेल के क्षेत्र में जो नीतियां बनाई हैं उसका फायदा देखने को मिल रहा है. हमारा भारत खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है.”

वाराणसी में 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप का आयोजन हो रहा है. चैंपियनशिप काशी के सिगरा स्टेडियम में होगी. इसमें हिस्सा लेने के लिए अलग-अलग राज्यों की 58 संस्थाओं की टीमों के 1,000 से ज्यादा खिलाड़ी वाराणसी पहुंचे हैं.

ये भी पढ़ें: लखनऊ पुलिस के सामने पेश हुईं नेहा सिंह राठौर, पीएम मोदी पर पोस्ट से जुड़ा मामला

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital