Bharat Express DD Free Dish

आचार्य विनोबा भावे की जयंती पर पीएम मोदी समेत देशभर के नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, भूदान आंदोलन की यादे की ताजा

Acharya Vinoba Bhave Jayanti: आचार्य विनोबा भावे की जयंती पर प्रधानमंत्री मोदी, राजनाथ सिंह, योगी आदित्यनाथ और कई नेताओं ने श्रद्धांजलि दी. नेताओं ने उनके भूदान आंदोलन और समाज सुधारक योगदान को याद किया.

Acharya Vinoba Bhave Jayanti

Acharya Vinoba Bhave Jayanti: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आचार्य विनोबा भावे की जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. इसके साथ ही, पीएम मोदी ने भारत के आध्यात्मिक, सामाजिक और राजनीतिक परिदृश्य में उनके महान योगदान को याद किया.

पीएम मोदी ने लिखा संदेश

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी किए गए एक संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “आचार्य विनोबा भावे को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि. उन्हें भारत के सबसे सम्मानित आध्यात्मिक नेताओं, स्वतंत्रता सेनानियों और समाज सुधारकों में से एक के रूप में याद किया जाता है. उनका जीवन गांधीवादी आदर्शों को लोकप्रिय बनाने और हाशिए पर पड़े लोगों को सशक्त बनाने के लिए समर्पित था. उनके विचार हमें एक विकसित भारत के निर्माण के लिए बहुत प्रेरित करते हैं.”

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का संदेश

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी भावे को नमन किया. उन्होंने लिखा कि भूदान आंदोलन के जरिए आचार्य विनोबा भावे ने सामाजिक न्याय और समानता का मार्ग प्रशस्त किया. करुणा, अहिंसा और सेवा पर आधारित उनके विचार राष्ट्र निर्माण में हमेशा प्रेरणा देते रहेंगे.

अन्य केंद्रीय नेताओं ने भी किया नमन

केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने भावे को “गांधीजी के आध्यात्मिक उत्तराधिकारी” बताते हुए कहा कि उनका जीवन निस्वार्थ सेवा और करुणा को समर्पित था. केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने उन्हें दूरदर्शी विचारक और समाज सुधारक बताते हुए श्रद्धांजलि दी और कहा कि सत्य और सामाजिक न्याय के लिए उनका समर्पण हम सबको प्रेरित करता है.

योगी आदित्यनाथ ने भी दी श्रद्धांजलि

इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनका सादगी व शुचितापूर्ण जीवन जन-जन के लिए पाथेय है. अपनी पोस्ट में मुख्यमंत्री ने कहा, “भूदान आंदोलन के प्रणेता, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, ‘भारत रत्न’ आचार्य विनोबा भावे की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि. समाज के उत्थान एवं कल्याण के लिए उन्होंने अपना जीवन समर्पित कर दिया, उनका सादगी व शुचितापूर्ण जीवन जन-जन के लिए पाथेय है.”

रेखा गुप्ता ने आचार्य विनोबा भावे को किया नमन

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी आचार्य विनोबा भावे को नमन किया है. उन्होंने लिखा, “विनोबा भावे का सम्पूर्ण जीवन राष्ट्र और समाज की सेवा को समर्पित रहा. भूदान और सर्वोदय आंदोलन के माध्यम से उन्होंने सामाजिक न्याय और समानता का मार्ग प्रशस्त किया व गरीब, वंचित और पिछड़े वर्ग के जीवन में आशा और परिवर्तन का संचार किया. विनोबा भावे के आदर्श, त्याग और विचारधारा हमें सदा एक समतामूलक, न्यायपूर्ण और मानवीय समाज के निर्माण की प्रेरणा देते रहेंगे.”

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read