Bharat Express DD Free Dish

Ahmedabad Plane Crash: एयर इंडिया प्लेन क्रैश पर PM मोदी ने जताया दुख, इस विमान में सवार थे 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश नागरिक

अहमदाबाद में एयर इंडिया के विमान दुर्घटना में 242 यात्रियों में से 100 से अधिक की मौत हो गई है. हादसे में पूर्व सीएम विजय रूपाणी भी सवार थे. पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने जताया शोक। राहत-बचाव कार्य जारी.

Ahmedabad Plane Crash Tragedy: अहमदाबाद में एयर इंडिया का विमान दुर्घटनाग्रस्त होने से पूरा देश स्तब्ध है. विमान में 242 यात्री सवार थे. जिनमें गुजरात के पूर्व सीएम​ विजय रूपाणी भी शामिल थे. हादसे में 100 से ज्यादा लोगों की मौत की पुष्टि हो गई है. इस दुखद घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शा और तमाम राजनेताओं ने दुख जताया है. घटनास्थल पर राहत एवं बचाव अभियान जारी है, इस बीच यात्रियों के दर्जनों शव एक अस्पताल में देखे गए हैं.

दुर्घटनाग्रस्त हुए विमान में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश नागरिक शामिल थे. इनके अलावा 1 कनाडाई नागरिक और 7 पुर्तगाली नागरिक भी बताए जा रहे हैं. दुर्घटना के बाद एयर इंडिया ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है. यह नंबर 1800-5691-444 है.

पीएम मोदी ने यू जताया दुख

दुर्घटना पर पीएम मोदी ने दुख व्यक्त किया है. उन्होंने ट्वीट कर कहा—अहमदाबाद में हुई त्रासदी ने हमें स्तब्ध और दुखी कर दिया है. यह शब्दों से परे दिल दहला देने वाली घटना है. इस दुखद घड़ी में, मेरी संवेदनाएं इससे प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं. मैं मंत्रियों और अधिकारियों के संपर्क में हूं जो प्रभावित लोगों की सहायता के लिए काम कर रहे हैं.

गृह मंत्री अमित शाह अहमदाबाद रवाना

वहीं, घटना के बाद गृहमंत्री अमित शाह दिल्ली से अहमदाबाद पहुंच रहे हैं. देशभर के राजनेता हादसे पर दुख जता रहे हैं. गृहमंत्री अमित शाह ने कहा, अहमदाबाद में हुए विमान (Plane) हादसे का दुख शब्दों से परे है. आपदा प्रतिक्रिया बलों को दुर्घटना स्थल पर तुरंत भेज दिया गया है. स्थिति का आकलन करने के लिए गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, गृह मंत्री हर्ष संघवी और अहमदाबाद के पुलिस आयुक्त से बात की है.

प्लेन में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश नागरिक शामिल

विमान में 242 यात्री और क्रू सवार थे. इनमें से 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रिटिश नागरिक, 1 कनाडाई नागरिक और 7 पुर्तगाली नागरिक हैं. प्लेन जिस बिल्डिंग से टकराया, वहां अहमदाबाद के सिविल हॉस्पिटल के डॉक्टर्स रहते हैं. जानकारी के मुताबिक 15 डॉक्टर घायल हो गए हैं.

कौन था Plane का पायलट?

डीजीसीए की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, पायलट कमांड इन रहे सुमित सभरवाल को 8 हजार 200 घंटे का प्लेन (Plane) उड़ाने का अनुभव था, जबकि सह-पायलट के पास 1100 घंटों का विमान उड़ाने का अनुभव था. एटीसी के मुताबिक, विमान अहमदाबाद से रनवे 23 से 1339 IST (0809 UTC) पर रवाना हुआ था. इसने एटीसी को मेडे कॉल दिया, लेकिन उसके बाद, एटीसी द्वारा की गई कॉल पर विमान द्वारा कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई. रनवे 23 से उड़ान भरने के तुरंत बाद विमान हवाई अड्डे की परिधि के बाहर जमीन पर गिर गया.

ये भी पढ़ें: ’10 क्रू मेंबर, 2 नवजात…प्लेन में सवार थे कुल 242 यात्री’, जानें पायलट को कितने घंटे का था विमान उड़ाने का अनुभव

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read