Ahmedabad News: अहमदाबाद में अवैध घुसपैठ को लेकर क्राइम ब्रांच ने एक बड़ा अभियान चलाते हुए शहर के अलग-अलग इलाकों से 290 से अधिक संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है. यह कार्रवाई देर रात चलाई गई, जिसमें पुलिस की कई टीमें एक साथ सक्रिय रहीं.
पुलिस ने यह कार्रवाई खास तौर पर चंडोला, गुलाबनगर और खोडियारनगर जैसे इलाकों में की. अचानक शुरू किए गए इस ऑपरेशन के बाद इलाके में हलचल मच गई. हिरासत में लिए गए लोगों से मौके पर ही पूछताछ शुरू की गई और उनके दस्तावेजों की जांच की गई.
131 लोग अवैध बांग्लादेशी पाए गए
क्राइम ब्रांच के अनुसार, शुरुआती जांच में 131 लोगों की पहचान अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के रूप में हुई है. वहीं करीब 160 अन्य लोगों की अभी भी गहन जांच जारी है. अधिकारियों का कहना है कि सभी के पहचान दस्तावेजों और नागरिकता से जुड़े रिकॉर्ड की बारीकी से जांच की जा रही है.
पुलिस का कहना है कि पूरे शहर में इस तरह के सत्यापन अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि अवैध रूप से रह रहे लोगों की पहचान की जा सके. जिनके खिलाफ सबूत मिलेंगे, उनके खिलाफ कानून के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल हिरासत में लिए गए सभी संदिग्धों से पूछताछ जारी है.
पहले भी हो चुकी है बड़ी कार्रवाई
गौरतलब है कि पिछले साल भी गुजरात पुलिस और अहमदाबाद नगर निगम ने इसी तरह का बड़ा अभियान चलाया था. उस दौरान चंडोला झील क्षेत्र में बड़े पैमाने पर कार्रवाई की गई थी. रिपोर्ट्स के अनुसार, तब 6,500 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया था, जिनमें से कई अहमदाबाद से पकड़े गए थे.
इसके बाद नगर निगम ने चंडोला झील के आसपास बने कई अवैध निर्माणों को भी ध्वस्त कर दिया था. यह इलाका एक संरक्षित जलाशय क्षेत्र माना जाता है, जहां अतिक्रमण को लेकर लगातार कार्रवाई होती रही है.
ये भी पढ़ें- दिल्ली के मालवीय नगर में मौत का तांडव, 5 मंजिला होटल में आग लगने से 20 की मौत
देशभर में सख्ती तेज
इस बीच, देश के कई हिस्सों में अवैध घुसपैठ के खिलाफ अभियान और तेज किया गया है. केंद्र सरकार का कहना है कि बिना वैध दस्तावेजों के रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान कर उन पर कार्रवाई जरूरी है. सुरक्षा और संसाधनों पर दबाव को देखते हुए सीमावर्ती इलाकों में निगरानी भी बढ़ा दी गई है.
भारत-बांग्लादेश सीमा पर सुरक्षा एजेंसियां पहले से ज्यादा सतर्क हैं और अलग-अलग स्तर पर जांच और निगरानी का काम लगातार जारी है. अहमदाबाद की यह कार्रवाई भी इसी व्यापक अभियान का हिस्सा मानी जा रही है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


