अहमदाबाद में 81 वर्षीय डॉक्टर नंदलाल मनसेटा मरीज की मासिक कमाई के हिसाब से फीस लेते हैं
Ahmedabad doctor fee: अहमदाबाद में एक डॉक्टर अपने अनोखे तरीके से मरीजों का इलाज कर रहे हैं. यहां बीमारी देखकर नहीं, बल्कि मरीज की कमाई देखकर फीस तय होती है. 81 साल के ईएनटी सर्जन डॉ. नंदलाल मनसेटा ने अपने क्लिनिक में ऐसा नियम बनाया है, जिसकी चर्चा अब सोशल मीडिया पर भी खूब हो रही है.
डॉ. मनसेटा के क्लिनिक की फीस व्यवस्था बेहद सीधी है. मरीज महीने में जितना कमाता है, उसकी फीस उसी का एक तय हिस्सा होती है. खास बात यह है कि इस व्यवस्था को लागू करने के लिए डॉक्टर मरीज से कोई सैलरी स्लिप, इनकम सर्टिफिकेट या दूसरे दस्तावेज नहीं मांगते. वे मरीज की बताई कमाई पर भरोसा करते हैं.
1,000 रुपये कमाई तो फीस सिर्फ 10 रुपये
क्लिनिक में लगाए गए फीस चार्ट के मुताबिक, अगर किसी व्यक्ति की महीने की आमदनी 1,000 रुपये है तो उसे चेकअप के लिए सिर्फ 10 रुपये देने होते हैं. वहीं 10,000 रुपये कमाने वाले मरीज से 100 रुपये और 1 लाख रुपये महीने की कमाई वाले मरीज से 1,000 रुपये लिए जाते हैं.
View this post on Instagram
यानी फीस का हिसाब मरीज की आर्थिक स्थिति के अनुसार रखा गया है. सबसे बड़ी बात उन लोगों के लिए है जिनकी कमाई बिल्कुल नहीं है. अगर किसी मरीज की आय शून्य है, तो डॉ. मनसेटा उससे कोई फीस नहीं लेते. ऐसे लोगों के लिए इलाज मुफ्त है.
ये भी पढ़ें: नवादा में डॉक्टरों की हड़ताल से हेल्थ सिस्टम चरमराया, सैकड़ों मरीजों को लौटना पड़ा खाली हाथ
मरीज की ईमानदारी पर भरोसा
डॉ. मनसेटा का मानना है कि पैसों की कमी किसी व्यक्ति के इलाज के रास्ते में नहीं आनी चाहिए. उनका कहना है कि समाज और सरकार ने उन्हें जीवन में आगे बढ़ने में मदद की है, इसलिए अब समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का समय है. डॉक्टर की यह पहल सोशल मीडिया परखूब तारीफ बटोर रही है. कई यूजर्स ने उनके इस तरीके को जरूरतमंद मरीजों के लिए बड़ी मदद बताया.
इसके अलावा, सोशल मीडिया पर यह भी दावा किया गया कि डॉ. मनसेटा फाउंडेशन ने अब तक हजारों जरूरतमंद मरीजों की सर्जरी का खर्च उठाया है. उम्र के इस पड़ाव पर भी मरीजों की सेवा में जुटे डॉ. मनसेटा की यह पहल स्वास्थ्य सेवाओं में इंसानियत और भरोसे की एक अलग तस्वीर पेश करती है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

