Bharat Express DD Free Dish

Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद विमान दुर्घटना पर कनाडा, ब्रिटेन सहित दुनियाभर में शोक, वैश्विक नेताओं ने जताया दुख

अहमदाबाद प्लेन दुर्घटना के बाद ब्रिटेन, यूक्रेन कनाडा और रूस समेत कई देशों ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. 

Ahmedabad Plane Crash

Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट एआई171 के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर से दुनियाभर में शोक की लहर दौड़ गई है. विमान में 230 यात्री और 12 चालक दल के सदस्य सवार थे. यह हादसा शहर के मेघानीनगर इलाके के पास हुआ. विमान में 169 भारतीय और 53 ब्रिटिश नागरिक सवार थे और यह लंदन के गैटविक हवाई अड्डे की ओर जा रहा था. इसके अलावा कनाडा और पुर्तगाल जैसे देशों के नागरिक भी सवार थे.

अहमदाबाद प्लेन दुर्घटना के बाद ब्रिटेन, यूक्रेन कनाडा और रूस समेत कई देशों ने अपनी प्रतिक्रिया दी है.

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने इस दुर्घटना को “विनाशकारी दृश्य” बताते हुए गहरा दुख व्यक्त किया. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “अहमदाबाद में लंदन जा रहे विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर बेहद दुखद है. इस विमान में कई ब्रिटिश नागरिक सवार थे. मैं लगातार स्थिति की जानकारी ले रहा हूं. मेरी संवेदनाएं पीड़ितों और उनके परिजनों के साथ हैं.”

ब्रिटेन के रक्षा मंत्री डेविड लैमी ने भी हादसे पर गहरी संवेदना व्यक्त की. उन्होंने कहा, “अहमदाबाद में हुए इस भीषण विमान हादसे की खबर से बेहद दुखी हूं. सभी प्रभावित लोगों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं. यूके सरकार स्थानीय भारतीय अधिकारियों के साथ मिलकर तथ्य जुटाने और सहायता पहुंचाने में जुटी है.”

विमान हादसे की खबर भयावह है : राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने भी इस दुखद हादसे पर गहरी संवेदना व्यक्त की. उन्होंने कहा, “भारत में हुए यात्री विमान हादसे की भयावह खबर मिली है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत की जनता के प्रति मेरी गहरी संवेदना. हम भारत, यूके, पुर्तगाल और कनाडा के पीड़ितों के साथ हैं. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं.”

व्लादिमीर पुतिन का संदेश

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संवेदना संदेश भेजा. उन्होंने कहा, “अहमदाबाद में हुए यात्री विमान हादसे के दुखद परिणामों पर कृपया गहरी संवेदनाएं स्वीकार करें. कृपया पीड़ितों के परिवारों और उनके करीबियों के प्रति अपनी गहरी संवेदना और समर्थन व्यक्त करें, साथ ही इस आपदा में घायल हुए सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करें.”

भारत में रूस के राजदूत डेनिस अलिपोव ने भी हादसे को “भीषण त्रासदी” बताया और कहा, “अहमदाबाद से दिल दहला देने वाली खबर आ रही है. पीड़ितों के परिजनों, भारत की जनता और सरकार के प्रति मेरी गहरी संवेदना है.”

इस हादसे पर भारत के साथ एकजुटता व्यक्त करने वाले अन्य नेताओं में इटली के प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी, आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीस, सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग, बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस और श्रीलंका के मंत्री विजिता हेराथ जैसे नेता शामिल थे.


ये भी पढ़ें: Breaking News: AP का दावा, अहमदाबाद प्लेन क्रैश में सवार सभी 242 यात्रियों की मौत


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read