Bharat Express DD Free Dish

AI Summit 2026 में जाने की कर रहे हैं प्लानिंग? तो जान लें इस दिन होगी आम लोगों के लिए नो एंट्री… अब 20 नहीं, 21 फरवरी तक चलेगा समिट, जानें जरूरी बातें

AI Summit 2026: दिल्ली के भारत मंडपम में हो रहा AI Summit 2026 अब 21 फरवरी तक चलेगा. 19 फरवरी को आम जनता के लिए एंट्री बंद रहेगी.

AI Impact Summit 2026

AI Impact Summit 2026: दिल्ली में आयोजित हो रहे AI इम्पैक्ट समिट 2026 (AI Summit 2026) में लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है. बुधवार, 18 फरवरी को भी बड़ी संख्या में छात्र, प्रोफेशनल्स, स्टार्टअप फाउंडर्स और टेक्नोलॉजी में रुचि रखने वाले लोग इस कार्यक्रम में पहुंचे. बढ़ती भागीदारी को देखते हुए सरकार ने समिट की अवधि एक दिन और बढ़ाने का फैसला किया है. पहले यह कार्यक्रम 20 फरवरी तक होना था, लेकिन अब इसे 21 फरवरी तक बढ़ा दिया गया है. यानी आम लोगों को इसमें शामिल होने के लिए एक अतिरिक्त दिन मिल गया है.

सरकार का कहना है कि देशभर से मिल रहे जबरदस्त उत्साह और रजिस्ट्रेशन की भारी संख्या को देखते हुए यह फैसला लिया गया. उद्देश्य यह है कि ज्यादा से ज्यादा लोग आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े नए प्रयोग, स्टार्टअप आइडिया, रिसर्च और टेक्नोलॉजी इनोवेशन को करीब से देख सकें.

समय में भी बदलाव किया गया

दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इस समिट के समय में भी बदलाव किया गया है. पहले एक्सपो शाम 6 बजे तक खुला रहता था, लेकिन अब इसे रात 8 बजे तक खुला रखा जाएगा. इससे विजिटर्स को स्टॉल, पवेलियन और टेक डेमो देखने के लिए ज्यादा समय मिलेगा और भीड़ भी कुछ हद तक नियंत्रित की जा सकेगी.

इस दिन होगी आम जनता की नो एंट्री

हालांकि 19 फरवरी, गुरुवार को यह एक्सपो आम जनता के लिए बंद रहेगा. उस दिन विशेष कार्यक्रम और हाई-लेवल मीटिंग्स आयोजित की जाएंगी. साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रवेश सीमित रखा जाएगा. रिपोर्ट्स के मुताबिक, वीआईपी मूवमेंट और सुरक्षा प्रोटोकॉल के कारण डेलीगेट्स को भी शाम 4:30 बजे तक कन्वेंशन एरिया खाली करना होगा. उसी शाम प्रधानमंत्री राज्य अतिथियों और बिजनेस लीडर्स के लिए डिनर की मेजबानी करेंगे, जिसके चलते पूरे परिसर को पहले से खाली कराया जाएगा. 20 और 21 फरवरी को समिट फिर से आम लोगों के लिए खुला रहेगा.


ये भी पढ़ें: PM मोदी की बिजी डिप्लोमेसी: 9 द्विपक्षीय बैठकें, फिर AI समिट में ग्लोबल लीडर्स के साथ भोज और सांस्कृतिक कार्यक्रम में शिरकत


समिट के लिए रजिस्ट्रेशन कैसे करें?

जहां तक रजिस्ट्रेशन की बात है, फिलहाल इसे अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है. आधिकारिक वेबसाइट पर बताया गया है कि अत्यधिक प्रतिक्रिया और सीमित क्षमता के कारण समिट पूरी तरह भर चुका है. आगे रजिस्ट्रेशन दोबारा खुलेगा या नहीं, इस बारे में फिलहाल कोई नई सूचना जारी नहीं की गई है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read