Urdu Conclave 2026

कौन हैं वो 3 युवा कांग्रेस नेता जिनकी वजह से भिड़ गई 3 राज्यों की पुलिस? शिमला में कई घंटे चला ड्रामा

Delhi Police vs Himachal Police: दिल्ली में एआई इम्पैक्ट समिट विरोध मामले में तीन यूथ कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी ने दिल्ली, हिमाचल और हरियाणा पुलिस को आमने-सामने ला दिया. आखिर कौन हैं ये तीनों नेता?

Delhi Police vs Himachal Police: दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान हुए शर्टलेस विरोध प्रदर्शन के मामले में दिल्ली पुलिस ने इंडियन यूथ कांग्रेस के तीन कार्यकर्ताओं को हिमाचल प्रदेश से गिरफ्तार किया. लेकिन जैसे ही गिरफ्तारी की खबर फैली, हिमाचल में हंगामा मच गया.

रास्ते में रोककर टकराव

दिल्ली पुलिस जब आरोपियों को लेकर निकल रही थी तभी शिमला पुलिस ने बीच रास्ते में उनकी गाड़ी रोक दी. इसके बाद दोनों पुलिस बलों के बीच लंबा विवाद चला. करीब 21 घंटे तक चली इस खींचतान के बाद गुरुवार सुबह मामला शांत हुआ और दिल्ली पुलिस आरोपियों को लेकर आगे बढ़ सकी.

हरियाणा पुलिस भी आई बीच में

इस पूरे घटनाक्रम में हरियाणा पुलिस की भी भूमिका रही. हिमाचल पुलिस ने बयान जारी कर बताया कि दिल्ली और हरियाणा पुलिस की टीमें मिलकर तीनों युवकों को पकड़ने में शामिल थीं. मामला दिल्ली में दर्ज केस से जुड़ा था, जिसके चलते दोनों राज्यों की पुलिस ने मिलकर कार्रवाई की.

अंबाला में मेडिकल जांच

दिल्ली पुलिस का काफिला जब पंजाब की सीमा पार कर हरियाणा पहुंचा तो अंबाला के अस्पताल में तीनों गिरफ्तार युवकों का मेडिकल टेस्ट कराया गया. इससे पहले पुलिस ने गाड़ियों में ईंधन भरवाया और फिर आगे की यात्रा जारी रखी.

कौन हैं गिरफ्तार कार्यकर्ता?

गिरफ्तार किए गए तीनों युवक इंडियन यूथ कांग्रेस से जुड़े हैं.

  • सौरभ सिंह: उत्तर प्रदेश के अमेठी निवासी, कांग्रेस यूथ टीम के सक्रिय सदस्य
  • अरबाज खान: सुल्तानपुर जिले के रहने वाले, यूथ कांग्रेस के सेंट्रल यूपी जोन के उपाध्यक्ष और पूर्व महासचिव. उनके पिता फिरोज अहमद एआईसीसी सदस्य हैं और विधानसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं.
  • सिद्धार्थ: मध्य प्रदेश से, कांग्रेस आईटी सेल में काम कर चुके हैं और पहले प्रशांत किशोर की टीम का हिस्सा रहे हैं.

शिमला पुलिस की कार्रवाई

दिल्ली पुलिस की एक गाड़ी को शिमला पुलिस ने जब्त कर लिया और टीम को एनएच-5 पर रोक दिया. शिमला पुलिस ने कहा कि उनके यहां दर्ज एफआईआर की जांच में दिल्ली पुलिस को शामिल होना होगा. कई घंटे की बातचीत और दबाव के बाद आखिरकार दिल्ली पुलिस आरोपियों को लेकर रवाना हो पाई.

ये भी पढ़ें-दिल्ली से शिमला तक सियासत! 24 घंटे में खत्म हुआ पुलिस VS पुलिस का हाईवोल्टेज ड्रामा, क्या है हिमाचल भवन कनेक्शन?

लगातार 21 घंटे तक चले इस नाटकीय घटनाक्रम ने तीन राज्यों की पुलिस को आमने-सामने ला दिया. गुरुवार सुबह आखिरकार दिल्ली पुलिस अपने आरोपियों को लेकर राजधानी की ओर निकल सकी.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read