Bharat Express DD Free Dish

बिना पायलट, बिना यात्रियों के 67 दिन तक हवा में उड़ता रहा विमान, जानें कैसे हुआ यह चमत्कार

AALTO की सहायक कंपनी एयरबस ने ‘जेफिर’ नामक सौर ऊर्जा से चलने वाले ड्रोन विमान को 67 दिन तक उड़ाकर एविएशन टेक्नोलॉजी में नया इतिहास रचा. यह बिना पायलट के 75,000 फीट की ऊंचाई पर लगातार उड़ता रहा.

Zephyr drone

एविएशन टेक्नोलॉजी की दुनिया में एक नया इतिहास रच दिया गया है. एयरबस की सहयोगी कंपनी AALTO ने एक विशेष प्रकार के हल्के विमान ‘जेफिर’ के जरिए ऐसा कारनामा कर दिखाया है जो अब तक केवल कल्पना लगता था. यह विमान बिना किसी पायलट या यात्री के लगातार 67 दिन, 6 घंटे और 52 मिनट तक आसमान में उड़ता रहा.

इसने अपनी ऐतिहासिक उड़ान की शुरुआत 20 फरवरी को केन्या के AALTOport से की थी. शुरुआती चरण में केन्या के ऊपर कनेक्टिविटी उपकरणों की जांच की गई. इसके बाद यह विमान ऑस्ट्रेलिया की दिशा में बढ़ा. इस दौरान जेफिर ने सात अलग-अलग फ्लाइट ज़ोन को पार किया और दो बार उन इलाकों से गुजरा जिन्हें इंटरट्रॉपिकल कन्वर्जेंस ज़ोन (ITCZ) कहा जाता है—जहां आमतौर पर तेज हवाएं और मौसम अस्थिर रहता है.

तकनीकी खराबी से रोकी गई उड़ान

इस हाई-टेक विमान की निगरानी यूके और अमेरिका के ग्राउंड स्टेशनों से तीन शिफ्टों में की जा रही थी. उड़ान का संचालन बेहद नियंत्रित और सुरक्षित तरीके से किया गया. 28 अप्रैल को इसमें तकनीकी समस्या आ गई, जिसके चलते इसे समय से पहले लैंड कराना पड़ा. हालांकि, जेफिर ने 64 दिन के पुराने रिकॉर्ड को तोड़कर नया मानक स्थापित किया.

कंपनी के CEO ह्यूज बूलनोइस ने कहा, “हमारा विमान न सिर्फ सुरक्षित है बल्कि संकट के समय भी उसे संभालने की हमारी प्रणाली भरोसेमंद है. हम इस उड़ान से पूरी तरह संतुष्ट हैं क्योंकि हमने जो लक्ष्य तय किए थे, उन्हें हमने हासिल किया.”

जापान में होगा अगला प्रदर्शन

जेफिर ने इस दौरान लगभग 75,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ान भरी. यह विमान पूरी तरह सौर ऊर्जा और इलेक्ट्रिक पावर से चलता है. रात में 12 घंटे बिना सूरज की रोशनी के भी इसने शानदार प्रदर्शन किया. कंपनी के मुख्य तकनीकी अधिकारी पियरे-एंटोनी औबोर्ग ने बताया कि बैटरियों ने उम्मीद से ज्यादा अच्छा काम किया और विमान में अब भी उड़ान जारी रखने की क्षमता थी.

AALTO अब जापान में अपनी अगली उड़ान के लिए तैयारी कर रहा है. वहां वह NTT Docomo और स्पेस कम्पास के साथ मिलकर कमर्शियल सेवा की शुरुआत करेगा. इसके अलावा 2025 में केन्या से दो जेफिर विमान एक साथ आसमान में उड़ान भरते नजर आएंगे. कंपनी के मुताबिक, यूरोप और अमेरिका में इसके सैन्य और व्यवसायिक इस्तेमाल को लेकर काफी दिलचस्पी देखी जा रही है.

ये भी पढ़ें: Punjab Blackout Drill: जंग की आशंका के बीच पंजाब छावनी में किया गया ’30 मिनट का ब्लैकआउट’ अभ्यास

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read