Bharat Express DD Free Dish

सुनेत्रा पवार होंगी अगली डिप्टी सीएम? अजित पवार निधन के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में नया मोड़

Sunetra Pawar Deputy Cm: अजित पवार के निधन के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. NCP में नेतृत्व बदलाव की चर्चाओं के बीच सुनेत्रा पवार के डिप्टी सीएम बनने की अटकलें तेज हो गई हैं.

Sunetra Pawar Next Deputy CM Maharashtra

Sunetra Pawar Deputy Cm: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के प्रमुख अजित पवार की बुधवार को हुए प्लेन हादसे में मौत हो गई. इसके बाद से महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और यह चर्चा शुरू हो गई है कि अजित पवार के बाद NCP की कमान कौन संभालेगा. सूत्रों के मुताबिक, अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार को महाराष्ट्र का अगला उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है.

NCP नेताओं की अहम मुलाकात

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल ने अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार से मुलाकात की. इस बैठक में NCP के अन्य वरिष्ठ नेता छगन भुजबल, धनंजय मुंडे और सुनील तटकरे भी मौजूद रहे. इस मुलाकात के बाद से सियासी गलियारों में अटकलें तेज हो गई हैं कि सुनेत्रा पवार को महाराष्ट्र की डिप्टी सीएम की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है. वहीं, पार्टी के नए अध्यक्ष के तौर पर प्रफुल्ल पटेल का नाम भी चर्चा में है.

सूत्रों का कहना है कि इस प्रस्ताव को लेकर NCP नेतृत्व जल्द ही मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर सकता है. इस दौरान NCP (SP) के संभावित विलय को लेकर भी बातचीत होने की संभावना जताई जा रही है.

अजित पवार को अंतिम विदाई

महाराष्ट्र की राजनीति के कद्दावर नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार का गुरुवार को उनके गृह नगर बारामती में अंतिम संस्कार किया गया. काटेवाड़ी स्थित विद्या प्रतिष्ठान मैदान में हुए अंतिम संस्कार में भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा. पूरे राजकीय सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी गई. उनके दोनों बेटों पार्थ पवार और जय पवार ने मुखाग्नि दी.


ये भी पढ़ें: अजित पवार को ‘दादा’ क्यों कहते थे समर्थक? जानिए इस नाम के पीछे की कहानी


सियासी दिग्गजों का जमावड़ा

दुख की इस घड़ी में पूरा पवार परिवार एकजुट नजर आया. अंतिम संस्कार के दौरान शरद पवार, सुप्रिया सुले और सुनेत्रा पवार बेहद भावुक दिखे. अजित पवार को अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, पूर्व गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे, आंध्र प्रदेश के मंत्री नारा लोकेश और मनसे प्रमुख राज ठाकरे समेत कई बड़े नेता बारामती पहुंचे.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read