बुधवार (28 जनवरी) को महाराष्ट्र के बारामती में उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में मौत हो गई. गुरुवार को उनके गृह नगर बारामती में अंतिम संस्कार किया गया. काटेवाड़ी स्थित विद्या प्रतिष्ठान मैदान में हुए अंतिम संस्कार में भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा. पूरे राजकीय सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी गई. इस शोकसभा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.
अमित शाह ने श्रद्धांजलि दी
अजित पवार को याद करते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर लिखा, “अजीत पवार जी के अंतिम दर्शन कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की. समाज और जनता के लिए समर्पित अजीत पवार जी के असामयिक निधन से महाराष्ट्र की राजनीति में एक ऐसी शून्यता उत्पन्न हुई है, जिसकी भरपाई लंबे समय तक संभव नहीं होगी”.
अजीत पवार जी के अंतिम दर्शन कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
समाज और जनता के लिए समर्पित अजीत पवार जी के असामयिक निधन से महाराष्ट्र की राजनीति में एक ऐसी शून्यता उत्पन्न हुई है, जिसकी भरपाई लंबे समय तक संभव नहीं होगी। pic.twitter.com/GiJyTVfmfJ
— Amit Shah (@AmitShah) January 29, 2026
सियासी दिग्गजों का जमावड़ा
दुख की इस घड़ी में पूरा पवार परिवार एकजुट नजर आया. अंतिम संस्कार के दौरान शरद पवार, सुप्रिया सुले और सुनेत्रा पवार बेहद भावुक दिखे. अजित पवार को अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, पूर्व गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे, आंध्र प्रदेश के मंत्री नारा लोकेश और मनसे प्रमुख राज ठाकरे समेत कई बड़े नेता बारामती पहुंचे.
ये भी पढ़ें: अजित पवार विमान हादसे पर बड़ा अपडेट: ब्लैक बॉक्स बरामद, AAIB जांच में जुटी
विमान हादसे में हुई अजित पवार की मृत्यु
महाराष्ट्र के पूर्व डिप्टी सीएम और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के नेता अजित पवार की बुधवार को बारामति में एक विमान दुर्घटना में मौत हो गई. इस विमान पर अजित पवार समेत 5 लोग सवार थे. यह हादसा तब हुआ जब विमान लैंड करने की कोशिश कर रहा था. जानकारी के मुताबिक जिला परिषद चुनाव को लेकर अजित पवार जनसभा को संबोधित करने के लिए अपने गृह नगर बारामति जा रहे थे.
अजित पवार Learjet 45 विमान से 8:44 मिनट पर बारामती के आसमान में थे. जब विमान लैंड करने लगा तभी वह रनवे 11 पर 8:48 बजे दुर्घटना का शिकार हो गया. हादसे के तुरंत बाद विमान आग का गोला बन गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विमान दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद 4 से 5 धमाके सुनाई दिए. इस दुर्घटना में सभी सवार 5 लोग मारे गए.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


