Bharat Express DD Free Dish

अखिलेश यादव का जयंत चौधरी पर ‘चवन्नी’ तंज, RLD ने दी तीखी प्रतिक्रिया, भड़का जाट समाज

UP News: यूपी चुनाव से पहले अखिलेश यादव की ‘चवन्नी’ टिप्पणी पर RLD ने कड़ा विरोध जताया. जाट समाज ने पुतला जलाया

अखिलेश यादव का जयंत चौधरी पर 'चवन्नी' तंज

अखिलेश यादव का जयंत चौधरी पर 'चवन्नी' तंज

UP News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अभी वक्त बाकी है लेकिन राजनीतिक माहौल पहले से ही गरम हो गया है. समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने हाल ही में राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के नेता जयंत चौधरी पर अप्रत्यक्ष हमला करते हुए उन्हें ‘चवन्नी’ कहकर तंज कसा. इस बयान ने विपक्षी खेमे में हलचल मचा दी और जाट समाज ने नाराजगी जताते हुए अखिलेश का पुतला फूंका.

RLD ने क्या कहा?

अखिलेश यादव की टिप्पणी पर RLD ने तीखी प्रतिक्रिया दी. पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजा ऐश्वर्य राज सिंह ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री को इस तरह की भाषा से बचना चाहिए. उन्होंने नसीहत दी कि राजनीति में मर्यादित शब्दों का इस्तेमाल होना चाहिए और व्यक्तिगत टिप्पणियों से परहेज करना चाहिए.

राजा ऐश्वर्य राज सिंह ने क्या कहा?

इसी कड़ी में राजा ऐश्वर्य राज सिंह ने आगे कहा कि समाजवादी पार्टी की जड़ें कहीं न कहीं चौधरी चरण सिंह की विचारधारा से जुड़ी हैं. उन्होंने याद दिलाया कि मुलायम सिंह यादव भी लोकदल की परंपरा से निकले थे और SP का गठन उसी विचारधारा से हुआ था. ऐसे में अखिलेश को अपने पिता और चौधरी चरण सिंह के आदर्शों को ध्यान में रखना चाहिए.

बनते-बिगड़ते समीकरण

RLD अध्यक्ष ने कहा कि राजनीति में गठबंधन और समीकरण बदलते रहते हैं लेकिन मतभेद को मनभेद में नहीं बदलना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि जयंत चौधरी ने कभी अखिलेश यादव के खिलाफ ऐसी टिप्पणी नहीं की इसलिए SP प्रमुख को भी संयम बरतना चाहिए.

अखिलेश का पुराना बयान

दरअसल, अखिलेश यादव ने हाल ही में कहा था कि जाने कहां-कहां से लोग गठबंधन बनाने आ गए. हमने चवन्नी का रुपया बना दिया था तब भी हमें छोड़कर चले गए. उनका इशारा जयंत चौधरी की ओर था जिन्होंने 2022 के चुनाव में SP के साथ रहते हुए बीजेपी का प्रस्ताव ठुकराया था और कहा था कि वह ‘चवन्नी’ नहीं हैं जिसे आसानी से पलटा जा सके.

NDA में शामिल हुए जयंत

हालांकि चुनाव के कुछ समय बाद जयंत चौधरी ने बीजेपी की अगुवाई वाले NDA का दामन थाम लिया और अब वह केंद्र सरकार में मंत्री भी हैं. यही वजह है कि अखिलेश की ‘चवन्नी’ वाली टिप्पणी को RLD ने बेहद आपत्तिजनक माना.

मंत्री अनिल कुमार का आरोप

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और RLD नेता अनिल कुमार ने भी अखिलेश के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि यह टिप्पणी न सिर्फ जयंत चौधरी का अपमान है बल्कि चौधरी चरण सिंह और किसान समाज की विचारधारा का भी अपमान है. उन्होंने याद दिलाया कि SP के अस्तित्व में चौधरी चरण सिंह परिवार का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता.

ये भी पढ़ें-राखी से पहले पीएम मोदी कैबिनेट का तोहफा! रेलवे से लेकर नेपाल बॉर्डर हाईवे तक… 5 बड़े फैसलों पर लगी मुहर

चुनावी माहौल में गरमी

इस पूरे विवाद ने चुनावी माहौल को और गरमा दिया है. SP और RLD के बीच रिश्तों में खटास साफ दिख रही है. अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में यह बयानबाजी किस तरह का राजनीतिक असर डालती है और क्या दोनों दलों के बीच तनाव और बढ़ता है या कोई नया समीकरण बनता है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read