Akhilesh Yadav Sushma Kharkwal Controversy: उत्तर प्रदेश की सियासत में महिला आरक्षण बिल को लेकर चल रही बहस अब बेहद निजी और भावनात्मक मोड़ पर आ गई है. दरअसल लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल के एक हालिया बयान ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव को बेहद आहत कर दिया है. अखिलेश यादव ने मेयर के बयान को अपनी दिवंगत मां का अपमान बताते हुए उन्हें नैतिकता की याद दिलाई है.
क्या था मेयर सुषमा खर्कवाल का विवादित बयान?
महिला आरक्षण के मुद्दे पर विपक्ष (सपा और कांग्रेस) की घेराबंदी करते हुए मेयर सुषमा खर्कवाल ने एक जनसभा में काफी तीखे शब्दों का इस्तेमाल किया था. उन्होंने कहा था, “विपक्ष ने उस महिला का अपमान किया है जिनकी कोख से इन्होंने जन्म लिया है. उन्होंने उस बहन और बेटी का अपमान किया है जिनकी उंगली पकड़कर ये चलना सीखे हैं. हालांकि मेयर का इशारा राजनीतिक विरोध की ओर था, लेकिन उनके ‘कोख’ और ‘जन्म’ वाले संदर्भ को अखिलेश यादव ने अपनी दिवंगत मां पर निजी हमले के तौर पर लिया.
अखिलेश यादव का भावुक जवाब
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर एक लंबा और गरिमापूर्ण लेकिन कड़ा संदेश लिखा. उन्होंने मेयर को संबोधित करते हुए कहा कि आदरणीय सुषमा खर्कवाल जी, कृपया अपनी राजनीतिक मजबूरी के चलते मेरी दिवंगत मां का नाम लेकर एक महिला के रूप में दूसरी महिला का अपमान न करें. भारतीय समाज में किसी की भी मां का अपमान स्वीकार्य नहीं है.
उन्होंने मेयर से कहा कि वे अपने घर के बुजुर्गों या बच्चों से पूछें कि क्या ऐसा द्वेषपूर्ण बयान देना उचित है? उन्होंने आगे कहा कि मैं आपसे किसी क्षमा की अपेक्षा नहीं रखता, क्योंकि ऐसा कहने के बाद क्षमा के मायने खत्म हो जाते हैं. आपका अकेले में बैठकर जो पछतावा होगा, मेरे लिए वही बहुत है.
यह भी पढ़ें: ‘निर्दोषों की मौत भुलाई नहीं जाएगी’, पहलगाम हमले की पहली बरसी पर पीएम मोदी का संकल्प
विपक्ष और भाजपा के बीच छिड़ी जुबानी जंग
इस घटना के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है. समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने इसे ‘बीजेपी की ओछी राजनीति’ करार दिया है, वहीं भाजपा समर्थकों का कहना है कि मेयर का बयान नारी शक्ति के सम्मान की वकालत कर रहा था, जिसे गलत संदर्भ में लिया जा रहा है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





