Bharat Express DD Free Dish

भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच CDS अनिल चौहान और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बीच अहम बैठक

पहलगाम आतंकी हमले के बाद चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बीच आज शाम अहम बैठक होगी.

CDS Anil Chauhan and Rajnath Singh Meeting

CDS Anil Chauhan and Rajnath Singh Meeting: चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान आज शाम 4 बजे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से उनके आवास पर मुलाकात करेंगे. यह बैठक हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले और इसके परिणामस्वरूप पाकिस्तान के साथ बढ़ते तनाव के मद्देनजर विशेष रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 से अधिक लोगों की जान चली गई थी. मारे गए अधिकतर लोग पर्यटक थे. इस हमले की जिम्मेदारी द रेसिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने ली थी, जिसे पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा का समर्थन प्राप्त है.

भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ा

हमले के तुरंत बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कदम उठाए. इसमें 1960 की सिंधु जल संधि को निलंबित करना, अटारी बॉर्डर को बंद करना और पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा रद्द करना शामिल है. इन कड़े फैसलों से दोनों देशों के बीच तनाव नई ऊंचाइयों पर पहुंच गया है. पाकिस्तान ने भारत के कदमों को “युद्ध जैसी कार्रवाई” बताया है और चेतावनी दी है कि वह भी जवाब देगा.

सूत्रों के मुताबिक, आज की बैठक में CDS अनिल चौहान और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह देश की सुरक्षा तैयारियों, जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ अभियान और सीमावर्ती इलाकों में सतर्कता बढ़ाने को लेकर गहन चर्चा करेंगे. हमले के बाद सुरक्षा बलों ने घाटी में बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चलाया है, जिसमें अब तक 10 आतंकियों के घरों को गिराया जा चुका है.

सुरक्षा रणनीति पर होगा मंथन

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पहले ही साफ कर चुके हैं कि इस हमले का बदला जल्द लिया जाएगा और आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब मिलेगा. आज की बैठक में आतंकवाद से निपटने के लिए नई रणनीतियों पर विचार हो सकता है. साथ ही सीमा पर चौकसी बढ़ाने और क्षेत्रीय स्थिरता बनाए रखने के लिए भी ठोस कदमों पर चर्चा होगी.

यह बैठक ऐसे समय हो रही है जब भारत अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी पाकिस्तान को आतंकवाद के मुद्दे पर घेरने की रणनीति पर काम कर रहा है.


ये भी पढ़ें- ‘पेट से है पाकिस्तान, उसे कभी भी हो सकता है बलूचिस्तान’, India PAK Tention के बीच विकास दिव्यकीर्ति का Video Viral


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read