भारत की पश्चिमी सरहद को अभेद्य किले में तब्दील करने के लिए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज (शुक्रवार) गुजरात के भुज के एक दिवसीय ‘हाई-वोल्टेज’ दौरे पर हैं. यह दौरा कोई आम दौरा नहीं है, बल्कि भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा का एक ऐसा ‘मास्टरप्लान’ तैयार करने की कवायद है, जिसे भेदना दुश्मनों के लिए नामुमकिन होगा. सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों का हौसला बढ़ाने से लेकर इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की चेकिंग तक, गृह मंत्री का मिनट-टू-मिनट शेड्यूल बेहद एक्शन से भरपूर है.
सुबह का महा-एक्शन
सुबह 10:30 बजे: गृह मंत्री अमित शाह अपने दौरे का शंखनाद भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा के बिल्कुल करीब स्थित ‘सीमा चौकी G-7’ (Border Outpost G-7) के उद्घाटन से करेंगे. यहां वे उन जांबाज BSF प्रहरियों से सीधा संवाद करेंगे, जो तपते रेगिस्तान में देश की ढाल बने खड़े हैं.
दोपहर 12:00 बजे: जवानों में जोश भरने के बाद शाह सीधे ‘ओपी टावर-1170’ (Observation Post Tower) पहुंचेंगे. यहां आधुनिक कंट्रोल रूम का बारीकी से निरीक्षण किया जाएगा. यह वही हाईटेक सिस्टम है जो सीमा पार की हर नापाक हरकत को चौबीसों घंटे रडार पर रखता है.
स्पेशल बोट से करेंगे गश्त
दोपहर सवा बारह (12:15) बजे इस दौरे का सबसे रोमांचक और खतरनाक चरण शुरू होगा. अमित शाह कच्छ के बेहद दुर्गम, दलदली और संवेदनशील क्षेत्र ‘हरामी नाला’ का दौरा करेंगे. घुसपैठ के लिहाज से सबसे क्रिटिकल माने जाने वाले इस इलाके का वे ‘स्पेशल बोट’ (जलयान) के जरिए जलीय और हवाई निरीक्षण करेंगे. इसी दौरान जेटी पॉइंट पर पर्यावरण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण भी किया जाएगा.
ये भी पढ़ें: 18 महीनों में 2 मिलियन TEUs का आंकड़ा पार करने वाला भारत का सबसे तेज बंदरगाह बना विजिंजम इंटरनेशनल सीपोर्ट
दोपहर 3 बजे फाइनल ‘सिक्योरिटी ब्लूप्रिंट’
खतरनाक क्रीक और बॉर्डर पोस्ट्स का मुआयना करने के बाद, दोपहर 3 बजे BSF सेक्टर मुख्यालय में एक बेहद अहम और उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक होगी. इस सीक्रेट मीटिंग में गृह मंत्री आला अधिकारियों के साथ सीमा प्रबंधन, भविष्य की सुरक्षा चुनौतियों और बॉर्डर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के फाइनल ‘ब्लूप्रिंट’ पर मुहर लगाएंगे. अमित शाह के इस धुआंधार दौरे ने साफ कर दिया है कि भारत अपनी सरहदों की सुरक्षा को लेकर ‘जीरो टॉलरेंस’ मोड में आ चुका है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



