Amit Shah
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे का आज (19 मई) अंतिम और सबसे महत्वपूर्ण दिन है. बस्तर संभाग का मुख्यालय जगदलपुर आज देश की एक बड़ी कूटनीतिक और सुरक्षा बैठक का गवाह बन रहा है. सुबह 11 बजे से यहां ‘मध्य क्षेत्रीय परिषद’ (Central Zonal Council) की 26वीं अंतरराज्यीय बैठक शुरू हो चुकी है, जिसकी अध्यक्षता खुद अमित शाह कर रहे हैं. इस हाई-प्रोफाइल बैठक को लेकर पूरे जगदलपुर को एक अभेद्य छावनी में तब्दील कर दिया गया है.
4 राज्यों के मुख्यमंत्री एक मंच पर
यह बैठक सिर्फ छत्तीसगढ़ के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे मध्य भारत के लिए बेहद अहम है. इसमें चार राज्यों के मुखिया एक साथ मिलकर नीतियां तय कर रहे हैं:
- छत्तीसगढ़: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
- उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
- मध्य प्रदेश: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
- उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
क्या है ‘क्लोज-डोर’ मीटिंग का एजेंडा?
सुबह 11:00 बजे से दोपहर 02:00 बजे तक चलने वाली इस मैराथन बैठक में राज्यों के बीच आपसी समन्वय (Coordination) बढ़ाने पर सबसे ज्यादा जोर दिया जा रहा है. आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, चर्चा के मुख्य विषयों में अंतरराज्यीय सीमा विवाद, बुनियादी ढांचे का विकास, पानी और बिजली का बंटवारा, प्रशासनिक सहयोग और सबसे अहम नक्सल प्रभावित इलाकों (LWE Areas) में सुरक्षा व्यवस्था की वर्तमान स्थिति शामिल है. इस बैठक के जरिए नक्सलवाद की कमर तोड़ने के लिए एक साझा ‘ऑपरेशनल रणनीति’ तैयार की जा रही है.
आज (19 मई) का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
- सुबह 11:00 से दोपहर 02:00 बजे तक: मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं मुख्य बैठक (जगदलपुर).
- दोपहर 02:50 से 03:30 बजे तक: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की प्रेस कॉन्फ्रेंस (बैठक में लिए गए अहम फैसलों की जानकारी).
- दोपहर 03:40 बजे: अमित शाह जगदलपुर एयरपोर्ट से विशेष विमान द्वारा दिल्ली के लिए रवाना होंगे.
ये भी पढ़ें: 43 साल बाद ओस्लो में गूंजेगा भारत का डंका! 5 नॉर्डिक देशों के के साथ पीएम मोदी का ‘महा-मंथन’ आज
प्रेस कॉन्फ्रेंस पर टिकीं नजरें
बैठक खत्म होने के बाद दोपहर 2:50 बजे अमित शाह एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे. मीडिया और आम जनता की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि इस महा-बैठक से राज्यों के विकास और नक्सल उन्मूलन के लिए कौन सा बड़ा ऐलान निकलकर सामने आता है. चार मुख्यमंत्रियों और केंद्रीय गृह मंत्री के एक साथ होने के कारण प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा में परिंदा भी पर न मार सके, ऐसे कड़े इंतजाम किए हैं.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

