Bharat Express DD Free Dish

बंगाल चुनाव से पहले कोलकाता में आज बड़ी ‘पॉलिटिकल स्ट्राइक’, 40 पन्नों की चार्जशीट से ममता सरकार की पोल-पट्टी खोलेंगे अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah आज Kolkata में TMC सरकार के खिलाफ 40 पन्नों की ‘स्टेट-लेवल चार्जशीट’ जारी करने का ऐलान करेंगे. जिसमें बीजेपी कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी, शिक्षा घोटाले और भ्रष्टाचार समेत 14 मुद्दों पर Mamata Banerjee सरकार को घेरने का काम करेगी….

Amit shah visit West Bengal: विधानसभा चुनाव 2026 की नजर से आज का दिन राजनीतिक के हिसाब से काफी खास है. बता दें कि विधानसभा क्षेत्र के आधार पर चार्जशीट जारी करने के बाद अब बीजेपी पूरे पश्चिम बंगाल को लेकर ‘चार्जशीट’ पेश करने जा रही है. इसी सिलसिले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को कोलकाता के एक छोटे दौरे पर आए हैं.

बता दें कि शाह यहां ममता बनर्जी सरकार के खिलाफ एक व्यापक और विस्तृत ‘स्टेट-लेवल चार्जशीट’ जारी करने वाले हैं. करीब 40 पन्नों के इस दस्तावेज़ में टीएमसी के पिछले 15 वर्षों के शासन को 14 अहम बिंदुओं में विभाजित कर उसकी ‘प्रशासनिक विफलताओं’ का विवरण दिया गया है.

दोपहर  12 बजे होगी प्रेस कॉन्फ्रेंस

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, दोपहर करीब 12 बजे राजारहाट के एक होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए चार्जशीट जारी की जाएगी. बीजेपी राज्य में सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस और ममता बनर्जी की अगुवाई वाली सरकार पर कई आरोप लगाने जा रही है, जिसे बीजेपी ने चार्जशीट का नाम दिया है.

14 मोर्चों पर टीएमसी को घेरने का प्लान

बीजेपी की इस चार्जशीट में राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था के साथ-साथ खराब स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा घोटालों और बढ़ती बेरोजगारी को प्रमुखता से उठाया गया है. पार्टी का आरोप है कि बंगाल में इंडस्ट्री और रोजगार के अवसर पूरी तरह समाप्त हो चुके हैं. इसके अलावा राज्य सरकार के कर्मचारियों का महंगाई भत्ता (DA) और सातवें वेतन आयोग को लागू न करना भी इस दस्तावेज़ का हिस्सा है.

वहीं बीजेपी ने न केवल राज्य की कमियों को गिनाया है बल्कि केंद्र सरकार द्वारा भेजे गए फंड्स के दुरुपयोग और ‘गड़बड़ी’ का भी विस्तृत ब्यौरा तैयार किया है. शाह इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए यह संदेश देना चाहते हैं कि ममता सरकार ने केंद्र की जन-कल्याणकारी योजनाओं को बंगाल की जनता तक पहुँचने से रोका है.

यह भी पढ़ें: जेवर से बदलेंगे नोएडा के तेवर! 26 साल का वनवास खत्म, क्या छिन जाएगी गुड़गांव की बादशाहत?

‘चार्जशीट’ के बाद आएगा ‘रिज़ॉल्यूशन’

बीजेपी की चुनावी रणनीति इस बार केवल विरोध तक सीमित नहीं है. पार्टी सूत्रों के अनुसार, पहले ‘चार्जशीट’ के जरिए ममता सरकार पर हमले किए जाएंगे और इसके तुरंत बाद एक ‘रिज़ॉल्यूशन’ (संकल्प पत्र) जारी किया जाएगा. इसमें बीजेपी उन सभी समस्याओं का ‘समाधान’ बताएगी जो उन्होंने अपनी चार्जशीट में उठाई हैं.

यह भी बता दें कि यह एक तरह से बीजेपी का विजन डॉक्यूमेंट होगा जो बताएगा कि अगर बंगाल में बीजेपी की सरकार आती है तो वे राज्य की तस्वीर कैसे बदलेंगे. रामनवमी के पावन अवसर पर गुरुवार और शुक्रवार को बीजेपी ने विशेष जनसंपर्क अभियान की योजना भी बनाई है, ताकि इस चार्जशीट के संदेश को गांव-गांव और घर-घर तक पहुँचाया जा सके.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read