Bharat Express DD Free Dish

अमित शाह ने किया अंबाबाई महालक्ष्मी मंदिर कॉरिडोर परियोजना का शिलान्यास, सीएम-डिप्टी सीएम रहे मौजूद

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र के कोल्हापुर में प्रसिद्ध अंबाबाई (महालक्ष्मी) मंदिर के ₹1,500 करोड़ की लागत वाले विकास कार्यों और भव्य कॉरिडोर परियोजना का शिलान्यास किया. इस दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी मौजूद रहे.

Amit Shah Kolhapur

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शनिवार को महाराष्ट्र के प्रसिद्ध करवीर निवासिनी अंबाबाई (महालक्ष्मी) मंदिर के विकास कार्यों का शिलान्यास किया. करीब 1,500 करोड़ रुपये की लागत वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत मंदिर परिसर में नए प्रदक्षिणा मार्ग (प्रदक्षिणा पथ) और परिवार देवता मंदिर के संरक्षण एवं जीर्णोद्धार का कार्य किया जाएगा. इस अवसर पर अमित शाह की पत्नी भी उनके साथ मौजूद रहीं.

शिलान्यास समारोह में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी शामिल हुए. तीनों नेताओं ने मंदिर में माता महालक्ष्मी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की. इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और निरीक्षण किया.

करोड़ों भक्तों में खुशी और उत्साह

इस मौके पर अमित शाह ने कहा कि महाराष्ट्र की पवित्र भूमि और माता अंबाबाई के धाम कोल्हापुर में एक ऐतिहासिक कार्य की शुरुआत हो रही है. उन्होंने कहा, “यह वही करवीर नगरी है, जहां माता अंबाबाई सदियों से विराजमान हैं. महाराष्ट्र सरकार द्वारा मंदिर के जीर्णोद्धार और भव्य कॉरिडोर निर्माण का कार्य शुरू किया जा रहा है. इससे कोल्हापुर, महाराष्ट्र और देशभर में माता अंबाबाई के करोड़ों भक्तों में खुशी, उत्साह और भक्ति का अद्भुत माहौल बना है.”

ये भी पढ़ें: फोटो के लिए बेताब.. इटली कभी नहीं झुकता! डोनाल्ड ट्रंप को जॉर्जिया मेलोनी का मुंहतोड़ जवाब

अमित शाह ने की पीएम मोदी की तारीफ

अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास और विरासत के संरक्षण का अनूठा संगम देखा है. उन्होंने कहा, “मैं माता अंबाबाई की पावन धरती से महाराष्ट्र की जनता से संवाद कर रहा हूं. पीएम मोदी के नेतृत्व में विकास के साथ-साथ हमारी सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहरों को भी नई पहचान मिली है.” मंदिर विकास परियोजना को कोल्हापुर की धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन पहचान को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

नोट- यह खबर एजेंसी (IANS) फीड से सीधे पब्लिश की गई है. इसमें किसी भी जानकारी को नहीं बदला गया है. खबर को पढ़ने लायाक बनाने के लिए लिए केवल हेडलाइन बदली गई है. वहीं पैराग्राफ से पहले सबहेड जोड़े गए हैं. इस स्टोरी को लेकर भारत एक्सप्रेस की किसी भी तरह की नैतिक जिम्मेदारी नहीं होगी.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read